विदर्भ में स्कूल 15 नहीं बल्कि 26 जून से

गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने दिए संकेत

मुंबई/दि.23 – विदर्भ में इस समय लू चल रही है. यदि यह लू 10 जून के बाद भी ऐसी ही बनी रही तो छात्रों की सुरक्षा के लिए सरकार विदर्भ में स्कूलों को 15 जून के बजाय 26 जून से शुरू करने के संबंध में कोई ठोस निर्णय ले सकती है, ऐसा संकेत राज्य के गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने दिया है.
राज्य के कई शहरों पर इस समय सूरज आग उगल रहा है. विदर्भ के चंद्रपुर जिले का ब्रह्मपुरी शहर इस समय देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है. यहाँ हाल ही में 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक विदर्भ में लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताया है. साथ ही अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए रेड अलर्ट, तो नागपुर और यवतमाल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस पृष्ठभूमि में मंत्री पंकज भोयर ने विदर्भ में स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ाने के संकेत दिए हैं.
मंत्री पंकज भोयर ने इस विषय पर बात करते हुए कहा कि तापमान में दिन-ब-दिन लगातार बढ़ोतरी हो रही है. यदि 10 जून के बाद भी विदर्भ में लू जारी रही तो विदर्भ में 15 जून से शुरू होने वाले स्कूलों को 26 जून से शुरू करने पर सरकार विचार करेगी. स्कूली शिक्षा विभाग जल्द ही इस मामले में बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा करेगा. इस मामले में जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा. नागपुर विश्वविद्यालय की सभी परीक्षाएं सुबह के सत्र में ली जाएंगी. साथ ही केंद्रों की संख्या भी बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा.
प्री-प्रायमरी स्कूलों के लिए कानून लाएंगे पंकज भोयर ने इस दौरान कहा कि सरकार राज्य में प्री-प्रायमरी स्कूल रजिस्ट्रेशन एक्ट लाने का प्रयास कर रही है. राज्य के प्री-प्रायमरी स्कूलों का रजिस्ट्रेशन सरकार के पास होना चाहिए. इस मामले में कानून लाने की मांग की जा रही थी. उसके अनुसार स्कूली शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है. उसका मसौदा इस समय मंजूरी के लिए विधि एवं न्याय विभाग के पास भेजा गया है. विधि एवं न्याय विभाग की अंतिम राय मिलने के बाद आगामी अधिवेशन में ही यह प्री-प्रायमरी स्कूल रजिस्ट्रेशन एक्ट लाने का सरकार का प्रयास रहेगा, ऐसा उन्होंने कहा.

Back to top button