बढ़ते तापमान पर नियंत्रण के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाने की जरूरत
विधायक सुलभा खोडके की वृक्षारोपण अभियान को गति देने की पालकमंत्री से मांग

अमरावती/दि.25– अमरावती में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान वृद्धि की पृष्ठभूमि में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कर तापमान नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है. इसी उद्देश्य से विधायक सुलभा खोडके ने अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से जिला वार्षिक नियोजन निधि के माध्यम से विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराने और व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अमरावती शहर में भीषण गर्मी पड़ रही है और शहर को देश का दूसरा सबसे गर्म शहर बताए जाने वाली खबरें लगातार सामने आ रही हैं. इसी कारण जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है. बढ़ते तापमान का असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. यदि यही स्थिति आगे भी बनी रही, तो शहर का जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है. विधायक सुलभा खोडके ने कहा कि तापमान वृद्धि को रोकने के लिए प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाना अत्यंत आवश्यक है. प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए. स्कूलों, महाविद्यालयों, सड़कों के किनारे, खुले मैदानों और खाली स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर शहर को हरित और सुंदर बनाने की जरूरत है.
उन्होंने यह भी कहा कि वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है. इसके लिए जिला वार्षिक नियोजन के अंतर्गत विशेष निधि का प्रावधान कर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए. इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए स्कूल, कॉलेज, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन, पर्यावरण प्रेमी, स्वास्थ्य संस्थाएं और जिला प्रशासन को सक्रिय रूप से सहभागी बनने का आह्वान भी विधायक सुलभा खोडके ने किया. उन्होंने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से यह भी अनुरोध किया कि आगामी माह में चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद अमरावती शहर में पर्यावरण संरक्षण और वृक्ष संवर्धन से जुड़ी सभी संस्थाओं एवं संगठनों की बैठक बुलाकर इस वृक्षारोपण जनआंदोलन को ठोस स्वरूप दिया जाए.





