अमरावती जिले में सड़क हादसों का कहर, तीन लोगों की मौत, पांच घायल
मोशी, शिरजगांव कस्बा और पोहरा मार्ग की घटना

अमरावती/दि.27– जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीते 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन भीषण हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शहर के पोहरा मार्ग स्थित मंदिर के पास रविवार रात करीब 11 बजे दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
जानकारी के अनुसार, विनोद वनके (30, टेकाड़ी) अपने साथी राजकुमार कावर के साथ सब्जी लेने अमरावती जा रहे थे. दूसरी ओर सुभाष सुदाम धामनकर (54) और विनोद राऊत मोटरसाइकिल से अमरावती की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान पोहरा मार्ग मंदिर के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में विनोद वनके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुभाष धामनकर और विनोद राऊत की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* भांबोरा गांव के पास टिप्पर की टक्कर से युवक की मौत
मोर्शी तहसील क्षेत्र के भांबोरा गांव के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार टिपर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई. शिकायतकर्ता तिवसा तहसील के सातरगांव निवासी उमेश शंकरराव पावणे (17) के अनुसार उनके भतीजे राजेश पावणे (38) मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/सीएम-9498 से मोर्शी से सातरगांव जा रहे थे. इसी दौरान भांबोरा गांव के मोड़ पर अशोक लेलैंड कंपनी के टिपर क्रमांक एमएच-31-एफसी-9592 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश पावणे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* पाला रोड पर ट्रैवल्स की टक्कर, युवक की मौत
शिरजगांव कसबा थाना क्षेत्र के पाला रोड पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रैवल्स वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चांदूर बाजार तहसील के पाला ग्राम निवासी रितेश प्रेम राजने (20) अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/वीके-9226 से शिरजगांव से पाला गांव जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही नीले रंग की ट्रैवल्स वाहन क्रमांक 8651 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. एक युवक को सामान्य चोटें आईं, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अमरावती के सुपर स्पेशालिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद शिरजगांव कसबा पुलिस ने ट्रैवल्स चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





