ट्रैक्टर ने दुपहिया सवार को उडाया, युवक की मौत
धामणगांव रेल्वे तहसील के जलगांव, मंगरुल फाटा की घटना

धामणगांव रेल्वे/दि.28 – यातायात नियमों का उल्लंघन और लापरवाही कितनी मुसीबत बन सकती है, इसका प्रत्यक्ष उदाहरण धामणगांव रेल्वे तहसील में देखने को मिला. जलगांव-मंगरुल फाटा के पास सोमवार 25 मई की रात 8 बजे के दौरान विपरित दिशा से आ रहे ट्रैक्टर और दुपहिया की आमने-सामने भीडंत हो गई. इस दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल मंगरुल दस्तगीर निवासी प्रतिक सुधीर हिवरकर (30) नामक युवक की अमरावती में उपचार के दौरान मंगलवार को सुबह मृत्यु हो गई.
जानकारी के मुताबिक प्रतिक हिवरकर सोमवार की रात धामणगांव से काम निपटाकर दुपहिया वाहन पर सवार होकर मंगरुल दस्तगीर की तरफ लौट रहा था. इस दौरान जलगांव फाटा के पास पहुंचते ही सामने से विपरित दिशा से आ रही ट्रैक्टर ने प्रतिक की दुपहिया को उडा दिया. इस दुर्घटना में दुपहिया चकनाचूर हो गई और प्रतिक गंभीर रुप से घायल हो गया. घटनास्थल पर इकठ्ठा हुए नागरिकों ने प्रतिक को समीप के अस्पताल में भर्ती किया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल अमरावती रेफर किया गया. लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद मंगलवार को तडके उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. प्रतिक हिवरकर की अकाल मौत से मंगरुल दस्तगीर गांव में शोक व्याप्त है. इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.