आज भी मुख्य मार्केट में एक दर्जन पक्के अतिक्रमण तोडे
दर्यापुर में परसों बडा एक्शन

* किराणा दुकान का केबिन और शेड धराशाही
दर्यापुर/दि.28– पालिका मुख्याधिकारी डॉ. विलास खंडारे के निर्देश पर गत 6 दिनों से शुरु अतिक्रमण विरोधी तोडक कार्रवाई में बुधवार को सुबह 9 से 12 बजे दौरान बनोसा, जयस्तंभ चौक के पास मुख्य बाजार में कई अतिक्रमण हटाए गए. पक्के निर्माण तोडे गए. एक किराणा दुकान का केबिन तोडा गया. वहीं कई दुकानों के सामने बनाए गए टीन के शेड लोहे के एंगल हटाकर तोडे गए. इस कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में खलबली मची है. इतना ही नहीं, तो बताया गया कि, कल बकरी ईद पश्चात परसों शुक्रवार को अतिक्रमण पर बडा एक्शन दर्यापुर पालिका लेने जा रही है. जिससे व्यापारी क्षेत्र सहम गया है. भीषण गर्मी के दौर में चल रही कार्रवाई के कारण अतिक्रमणकारी सहमे हुए हैं.
बता दें कि, मंगलवार को मार्केट एरिया से हटकर रिहायशी इलाकों में अतिक्रमण विरोधी दस्ता पहुंचा था. अमरावती रोड की सैनिक कॉलोनी में कई घरों के सामने बनाए गए कंपाउंड वॉल व अन्य अतिक्रमण जेसीबी लाकर तोडे गए. जिससे समस्त दर्यापुर में खलबली मची है. अभी भी काफी एक्शन लिए जाने की चर्चा सुनने मिल रही है. राजनेताओं के पास लगाई गई गुहार काम नहीं आई. जबकि पालिका सीओ धडाधड तोडक कार्रवाई करने के निर्देश देते रहे. कर्मचारियों ने उन निर्देशों का पुलिस पहरे में बराबर पालन किया.





