आज से शहर पर रहेगी ड्रोन की नजर

बकरीद पर शहर में पुलिस का कडा बंदोबस्त

* 1500 अधिकारी व कर्मचारी लगाए गए बंदोबस्त में
* शहर के 8 सीलिंग बॉर्डर पर जबरदस्त नाकाबंदी
* गोवंश कटाई रोकने तीन उडन दस्ते गठित
* चार थाना क्षेत्रो में एसआरपीएफ की तैनाती
अमरावती/दि.27 – कल मुस्लिम समुदाय द्बारा ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व मनाया जाएगा. जिसमें मुस्लिम समुदाय द्बारा ‘कुरबानी’ दिए जाने की भी परंपरा है. इस बात को ध्यान में रखते हुए व्यवहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु अमरावती शहर पुलिस द्बारा तमाम एहतियाती कदम उठाते हुए शहर में कडा बंदोबस्त तैनात किया जा रहा है. साथ ही साथ आज से ही शहर के आसमान पर ड्रोन कैमरो की भी तैनाती कर दी गई है तथा अगले दो दिनों तक पूरे शहर पर ड्रोन कैमरो के जरिए नजर रखी जाएगी.
इस संदर्भ में शहर पुलिस आयुक्तालय द्बारा दी गई. जानकारी के मुताबिक बकरीद पर्व पर तैनात किए जानेवाले बंदोबस्त में शहर पुलिस आयुक्त व तीनों पुलिस उपायुक्त सहित 1500 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की गई है. साथ ही साथ 800 होमगार्ड भी बंदोबस्त में तैनात किए गए है. इसके साथ ही शहर के सभी 8 सीमावर्ती रास्तो यानी सिलींग पॉइंट पर पुलिस पथको की फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाते हुए नाकाबंदी की जाएगी. इसके अलावा बकरीद के पर्व पर शहर में कही पर भी गोवंश की कटाई न हो, इस बात के मद्देनजर तीन विशेष उडनदस्ते भी बनाए गए है, जो आज रात से लेकर कल पूरे दिनभर के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते रहेंगे. इन सबके साथ ही नागपुरी गेट, गाडगे नगर, फ्रेजरपुरा व कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में राज्य आरक्षित पुलिस बल यानी एसआरपीएफ की कंपनियों को भी तैनात किया जा रहा है.
कुल मिलाकर बकरीद के पर्व पर कल पूरा दिन अमरावती शहर ‘खाकी’ के साये में रहेगा तथा शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस की कडी नजर रहेगी.

Back to top button