आईजी महेश पाटिल ने पदभार संभाला
पुलिस आयुक्त राकेश ओला और एसपी निकेतन कदम ने किया स्वागत

अमरावती/दि.29- महेश पाटिल ने बुधवार 27 मई को अमरावती परीक्षेत्र के नये पुलिस महानिरीक्षक के रुप में पदभार संभाल लिया. हाल ही में राज्य सरकार द्वारा किये गये वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के तबादलों के तहत पूर्व आईजी रामनाथ पोकले का तबादला किया गया था. उनके स्थान पर महेश पाटिल की नियुक्ति अमरावती रेंज में की गई.
पदभार संभालने के दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला, ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम समेत अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. गुरुवार को बकरी ईद पर्व को देखते हुए नये आईजी महेश पाटिल ने पदभार संभालते ही अमरावती शहर सहित संभाग के पांचों जिलों में सुरक्षा और बंदोबस्त व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को कानून व सुव्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये.
आईपीएस अधिकारी महेश पाटिल महाराष्ट्र कैडर के वरिष्ठ अधिकारी माने आते है. वे राज्य गृह विभाग के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके है. इससे पहले वे मुंबई और ठाणे क्षेत्र में अपर पुलिस आयुक्त पद पर कार्यरत रहे हैं. वर्ष 2023 में उनका तबादला मुंबई आतंकवाद विरोधी दस्ते में पुलिस उपमहानिरीक्षक पद से ठाणे शहर पश्चिम प्रादेशिक विभाग में अपर पुलिस आयुक्त के रुप में किया गया था. महेश पाटिल मूल रुप से महाराष्ट्र राज्य पुलिस सेवा से पदोन्नत होकर भारतीय पुलिस सेवा कैडर में शामिल हुए थे. उत्कृष्ठ और विशेष सेवाओं के लिए उन्हें देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है.





