बदनामी और अफवाह से परेशान महिला की मौत
पति की शिकायत पर तीन आरोपी नामजद

* पुलिस ने किया आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
धारणी /दि.5- धारणी तहसील के गोलाई गांव में एक महिला की मृत्यु के मामले ने गंभीर मोड ले लिया है. पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि, गांव में महिला को लेकर कथित अफवाहें फैलाने और बदनामी करने के कारण वह मानसिक रुप से परेशान हो गई थी. जिस कारण उसे इस तरह का कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ज्ञानदेव बाबुराव कातकडे (40, गोलाई, धारणी) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि, उनकी पत्नी को लेकर गांव में गलत बातें और अनैतिक संबंधों से जुडी अफवाहें फैलाई जा रही थी. शिकायतकर्ता का आरोप है कि, आरोपी नामदेव सीताराम कातकडे, मुक्ताबाई नामदेव कातकडे और वासुदेव (सभी निवासी गोलाई, धारणी) ने मिलकर गांव में उनकी पत्नी के बारे में अपमानजनक चर्चा और आरोप फैलाए. जिससे परिवार सामाजिक और मानसिक दबाव में आ गया. शिकायत के अनुसार लगातार हो रही बदनामी के कारण महिला गहरे तनाव में चली गई. शिकायत में आगे कहा गया है कि, इसी मानसिक स्थिति के बीच महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत के आधार पर धारणी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आरोपों की पुष्टि के लिए गवाहों के बयान, स्थानीय परिस्थितियों तथा उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.





