झूठे दावों वाली आयुर्वेदिक दवाओं का जखीरा जब्त

एफडीए की कार्रवाई

अमरावती/दि.6- भ्रामक विज्ञापनों और झूठे चिकित्सीय दावों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने परतवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दवा विक्रेता के यहां छापा मारकर 26,430 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की हैं. यह कार्रवाई अमरावती संभाग के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के संयुक्त आयुक्त कार्यालय के निर्देशन में की गई.
जानकारी के अनुसार परतवाड़ा स्थित एक दवा विक्रेता और कुछ स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान डायबिटीज, मोटापा, अस्थमा और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के नाम पर बेची जा रही विभिन्न आयुर्वेदिक दवाएं मिलीं. इन दवाओं के प्रचार में रोगों के स्थायी और निश्चित इलाज के दावे किए जा रहे थे. प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के दावे औषध व जादू टोना विरोधी कानून के प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं. निरीक्षण के दौरान 12 प्रकार की दवाओं का स्टॉक जब्त किया गया. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि संबंधित उत्पादों के प्रचार में बिना किसी वैज्ञानिक प्रमाण के गंभीर बीमारियों को ठीक करने के भ्रामक दावे किए जा रहे थे.
एफडीए अधिकारियों के अनुसार ऐसे भ्रामक विज्ञापन लोगों को गुमराह करते हैं और मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्परिणाम डाल सकते हैं. इसलिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इस संबंध में अनिल माणिकराव ने बताया कि जिले में भ्रामक विज्ञापनों के जरिए लोगों को धोखा दिए जाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं. इसी के मद्देनजर पूरे जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी बीमारी के इलाज के संबंध में चमत्कारी या सौ प्रतिशत उपचार के दावे करने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं और उपचार के लिए योग्य चिकित्सक की सलाह अवश्य लें.

Back to top button