मानसून से पहले किसानों को लौटाए गए कृषि उपकरण

अवैध मनी लेंडिंग मामले में कार्रवाई

अमरावती/दि.6 – अमरावती जिले में अवैध मनी लेंडिंग (साहूकारी) प्रकरण में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पीड़ित किसानों को उनके जब्त कृषि उपकरण वापस सौंप दिए हैं. मानसून सीजन शुरू होने से पहले कृषि कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए सहकार विभाग ने किसानों को उनके स्वामित्व वाले उपकरण लौटाने की प्रक्रिया पूरी की.
शिकायत के आधार पर 2 जनवरी को सहकारी संस्थाओं की सहायक निबंधक स्वाति गुडधे और सचिन पतंगे के नेतृत्व में दो जिला स्तरीय छापामार दलों ने धामणगांव रेलवे तहसील के सावरा स्थित गोपाल प्रभाकर टेकाडे के निवास और कृषि फार्म पर छापा मारा था. कार्रवाई के दौरान संदिग्ध दस्तावेजों के साथ 27 चल-अचल कृषि उपकरण जब्त किए गए थे. जांच रिपोर्ट सहायक निबंधक राजेश भुयार को सौंपी गई. मामले की सुनवाई के बाद 12 फरवरी 2026 को दत्तापुर पुलिस थाने को पत्र भेजकर महाराष्ट्र मनी लेंडिंग (रेगुलेशन) अधिनियम 2014 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की अनुशंसा की गई. इसके बाद 20 फरवरी को दत्तापुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर क्रमांक 31/2026 दर्ज की गई.
इसी दौरान जब्त कृषि उपकरणों को किसानों को वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई. जिला उप निबंधक सहकारी संस्था शंकर कुंभार के समक्ष पीड़ित किसानों तथा संबंधित पक्षों की सुनवाई हुई. किसानों द्वारा प्रस्तुत शपथपत्रों और स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की जांच के बाद महाराष्ट्र मनी लेंडिंग (रेगुलेशन) अधिनियम 2014 की धारा 17 एवं नियम 17 के तहत आदेश जारी कर उपकरण लौटाने का निर्णय लिया गया. किसानों को लौटाए गए उपकरणों में ट्रैक्टर, ट्रैक्टर ट्रॉली, तीन फरो वाला रिवर्सिबल हल, दो फरो वाला रिवर्सिबल हल, लेवलर, वी-पास, बुवाई मशीन, थ्री-हाई तथा रोटावेटर सहित विभिन्न कृषि यंत्र शामिल हैं.
इसके अलावा मध्य प्रदेश के किसान जितेंद्र रमेशचंद्र राव की बोलेरो पिकअप कैंपर गोल्ड वाहन क्रमांक एमपी-04/जीबी-7387 भी शुक्रवार 5 जून को उन्हें वापस सौंप दी गई. यह कार्रवाई सहायक निबंधक राजेश भुयार, सहकार अधिकारी सुधीर मानकर तथा प्रवीण कोहले की उपस्थिति में संपन्न हुई. सहकार विभाग के अनुसार महाराष्ट्र मनी लेंडिंग (रेगुलेशन) अधिनियम 2014 की धारा 17 एवं नियम 17 के तहत अमरावती जिले में अंतरराज्यीय स्तर के इस प्रकरण में किसानों को संपत्ति वापस दिलाने की यह पहली बड़ी कार्रवाई है. यह पूरी प्रक्रिया विभागीय संयुक्त निबंधक गौतम वर्धन, जिला उप निबंधक शंकर कुंभार तथा सहायक निबंधक राजेश भुयार के मार्गदर्शन में पूरी की गई. इसकी जानकारी सहकार अधिकारी सुधीर मानकर ने दी.

Back to top button