राज्यसभा सीट को लेकर राष्ट्रवादी में मंथन तेज

सुनेत्रा पवार ने कहा- आज शाम या कल सुबह तक उम्मीदवार के नाम पर होगा फैसला

* छगन भुजबल की दावेदारी चर्चा में, निर्णय को लेकर महायुति में भी हलचल
बारामती/ दि. 6 – महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई राज्यसभा सीट को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इस सीट पर किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर जारी है. इस बीच सुनेत्रा पवार ने संकेत दिया है कि उम्मीदवार के नाम की घोषणा आज शाम तक अथवा अधिकतम कल सुबह तक हो सकती है.
बारामती में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुनेत्रा पवार ने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के नाम को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा जारी है और जल्द ही अंतिम निर्णय सामने आ जाएगा.
* छगन भुजबल की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए वरिष्ठ नेता छगन भुजबल का नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल है. बताया जा रहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी चर्चा की है. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया कि छगन भुजबल को राज्यसभा भेजा जाए और उनके स्थान पर पूर्व सांसद समीर भुजबल को संगठन या सरकार में उचित जिम्मेदारी दी जाए. मुख्यमंत्री ने इस विषय पर भाजपा नेतृत्व से चर्चा कर शीघ्र निर्णय की जानकारी देने का आश्वासन दिया है.
* भुजबल परिवार को भी समान अवसर देने की मांग
सूत्रों के अनुसार पार्टी की आंतरिक बैठकों में यह मुद्दा भी उठाया गया कि जिस प्रकार पवार और तटकरे परिवार को संगठन एवं सत्ता में प्रतिनिधित्व मिला है, उसी प्रकार भुजबल परिवार को भी अवसर मिलना चाहिए.बैठक में यह तर्क दिया गया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस की स्थापना और संगठन विस्तार में भुजबल परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इसलिए उन्हें भी उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए.
* फसल नुकसान का जायजा लेने पहुंचीं सुनेत्रा पवार
राजनीतिक चर्चाओं के बीच सुनेत्रा पवार ने बारामती तालुका के कार्हाटी क्षेत्र का दौरा कर बारिश और मौसम की मार से प्रभावित केले की फसलों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल पंचनामा करने के निर्देश दिए और कहा कि किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर राज्य सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इसी दौरान पत्रकारों द्वारा राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने कहा कि उम्मीदवार के नाम को लेकर जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
* अमोल मिटकरी की पोस्ट से बढ़ी चर्चा
इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता अमोल मिटकरी की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है. उन्होंने पोस्ट में कहा कि सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से रिक्त हुई राज्यसभा सीट राष्ट्रवादी कांग्रेस की है और इस पर किसी अन्य दल या व्यक्ति को दावा नहीं करना चाहिए.मिटकरी ने लिखा कि पार्टी में अजित पवार का नेतृत्व सर्वोपरि है और सुनेत्रा पवार तथा पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेंगे, वही अंतिम माना जाएगा.राज्यसभा सीट को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच अब सभी की नजर राष्ट्रवादी कांग्रेस के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है. माना जा रहा है कि अगले कुछ घंटों में उम्मीदवार के नाम की घोषणा होने से इस राजनीतिक सस्पेंस पर विराम लग सकता है.

Back to top button