‘काकरोच’ को कम मत समझो, युवाओं की आवाज सुननी पडेगी

सेना उबाठा के पार्टी प्रमुख उध्दव ठाकरे ने सरकार पर कसा तंज

* जंतर-मंतर के आंदोलन को देश के लिए बताया चेतावनी
मुंबई/ दि.6 – नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को समर्थन देते हुए शिवसेना उबाठा के पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कॉकरोच को कम मत आंकिए. जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन सरकार के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है. नीट परीक्षा से प्रभावित लाखों विद्यार्थियों की पीड़ा और आक्रोश को सरकार को सुनना ही पड़ेगा. बता दें कि दिल्ली में अभिजीत दीपके के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी है. इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं.
इस विषय पर उद्धव ठाकरे ने जारी बयान में कहा कि जिन युवाओं को देश का भविष्य और भाग्यविधाता कहा जाता है, वे आज अपनी पीड़ा और भविष्य की चिंता को लेकर तपती धूप में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हुए हैं. ऐसे छात्रों का मजाक उड़ाना या उन्हें अपमानजनक नामों से संबोधित करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदों को झटका पहुंचाया है. वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास डगमगा गया है. आज वही पीड़ित छात्र-छात्राएं अपने हक और न्याय के लिए आवाज उठा रहे हैं.
* सरकार को छात्रों का आक्रोश समझना होगा
उद्धव ठाकरे ने कहा कि जंतर-मंतर पर हो रहा आंदोलन केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भीतर पनप रहे असंतोष का प्रतीक है. उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की भावनाओं को समझने और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.उन्होंने कहा, सरकार चाहे जितना भी नजरअंदाज करे, लेकिन युवाओं के आक्रोश को दबाया नहीं जा सकता. जंतर-मंतर का आंदोलन यह संदेश दे रहा है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करनी ही होगी.
* इस्तीफा नहीं तो फिर होगा आंदोलन
इस बीच आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अगले शनिवार को फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा. दिल्ली पुलिस ने इस आंदोलन को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनुमति दी थी.
* अभिजीत दीपके के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
आंदोलन की पृष्ठभूमि में छत्रपति संभाजीनगर के वालूज महानगर क्षेत्र स्थित अभिजीत दीपके के निवास की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिसर का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए.पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है.

Back to top button