बारिश के कारण कार पर पेड गिरा

एसआरपीएफ कैम्प रोड, व्यंकटेश कालोनी की घटना

* मनपा के आपातकालीन विभाग का तत्काल सहायता कार्य
अमरावती /दि.8- शनिवार दोपहर हुई बारिश के कारण शहर के दस्तूर नगर क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ चारपहिया वाहन पर गिर गया. घटना से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि सूचना मिलते ही मनपा की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू कर दिया.
जानकारी के अनुसार झोन क्रमांक-3 अंतर्गत एसआरपीएफ कैंप रोड स्थित वेंकटेश कॉलोनी में तेज बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ अचानक गिरकर एक कार पर आ गिरा. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही अमरावती मनपा के आपातकालीन विभाग ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया. अतिक्रमण विभाग की जेसीबी मशीन की सहायता से गिरे हुए पेड़ को हटाया गया और सड़क को यातायात के लिए पुनः खुलवा दिया गया. मनपा के कर्मचारियों ने आवश्यक सावधानियां बरतते हुए नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी तथा स्थिति को शीघ्र ही नियंत्रण में कर लिया. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में अमरावती मनपा के आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 0721-2576426 पर संपर्क करें.

Back to top button