विश्व नेत्रदान दिवस 10 जून को

‘मेरे जीवन का अंतिम उपहार-राष्ट्र के नाम’ अभियान की शुरुआत

* भव्य जनजागृति पदयात्रा व विविध कार्यक्रमों का आयोजन
* पत्रकार परिषद में दी गई जानकारी
अमरावती/दि.8 – विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर 10 जून को हरिना फाउंडेशन एवं हरिना नेत्रदान समिति द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागृति अभियान चलाया जाएगा. मेरे जीवन का अंतिम उपहार – राष्ट्र के नाम इस संदेश के साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. यह जानकारी सोमवार को आयोजित पत्रकार परिषद में दी गई.
पत्रकार परिषद में बताया गया कि, इस वर्ष पहली बार डिजिटल माध्यम से नेत्रदान संकल्प अभियान की शुरुआत की जा रही है. शहर के विभिन्न स्थानों पर नेत्रदान संकल्प सेल्फी पॉइंट स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन नेत्रदान संकल्प ले सकेंगे. विश्व नेत्रदान दिवस पर जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों तथा राजनीतिक संगठनों द्वारा नेत्रदाता, अंगदाता और देहदाताओं को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.
* शाम 5.30 बजे निकलेगी जनजागृति पदयात्रा
आयोजकों ने बताया कि, 10 जून को शाम 5.30 बजे नेहरू मैदान, राजकमल चौक से नेत्रदान जनजागृति पदयात्रा का शुभारंभ होगा. यह पदयात्रा श्याम चौक, बापट चौक, प्रभात टॉकीज, जवाहर रोड, सरोज चौक, जयस्तंभ, सिटी कोतवाली होते हुए पुनः राजकमल चौक पर समाप्त होगी. पदयात्रा के प्रारंभ में विशाल संकल्प मंच पर नागरिक एवं विभिन्न संस्थाएं अपने बैनर के साथ सामूहिक रूप से मेरे जीवन का अंतिम उपहार – राष्ट्र के नाम का संकल्प लेंगी. सहभागी अपने हाथों में सांकेतिक आंख एवं तिरंगा लेकर नेत्रदान जागरूकता का संदेश देंगे.
* अनेक जनप्रतिनिधि और कलाकार होंगे शामिल
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रसिद्ध मराठी अभिनेता भारत गणेशपुरे उपस्थित रहेंगे. सांसद बलवंतराव वानखेड़े, सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक रवि राणा, विधायक सुलभा खोडके, विधायक संजय खोडके, विधायक राजेश वानखड़े सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी. इसके अलावा महापौर श्रीचंद तेजवानी, जिलाधिकारी आशीष येरेकर, नगर आयुक्त वर्षा लढ्ढा तथा पुलिस आयुक्त राकेश ओला भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
* नेत्रदाता एवं अंगदाता परिवारों का होगा सम्मान
पत्रकार परिषद में बताया गया कि, पदयात्रा के समापन के बाद राजकमल चौक स्थित सीताराम बाबा सभागृह में नेत्रदाता, अंगदाता और देहदाता परिवारों का कृतज्ञता सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर दानदाताओं के परिवारों का सम्मान कर समाज के प्रति उनके योगदान को नमन किया जाएगा.
* नई सेवाओं की शुरुआत
हरिना फाउंडेशन द्वारा नेत्रदान के लिए 24÷घंटे हेल्पलाइन नंबर 9404607890 शुरू किया गया है. साथ ही डॉ. पंकज लांडे एवं डॉ. श्रेयस धमोरिकर के सहयोग से कम शुल्क में मोतियाबिंद शल्यक्रिया सेवा भी प्रारंभ की जाएगी. संस्था द्वारा भविष्य में प्रशासन के सहयोग से अमरावती में त्वचा दान सुविधा शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
* वर्षभर जारी है सेवा कार्य
वर्ष 2010 में स्थापित हरिना फाउंडेशन लगातार नेत्रदान, नेत्र प्रत्यारोपण, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है. वर्ष 2025-26 में संस्था ने 39 नेत्रदान मामलों में जिला सामान्य अस्पताल को सहयोग प्रदान किया, जबकि दो अंगदान मामलों के माध्यम से कई मरीजों को नया जीवन मिला. कार्यक्रम की तैयारियां आयोजन समिति के अध्यक्ष पुरणलाल हबलानी एवं संयोजक निलेश चिठोरे के मार्गदर्शन में की जा रही हैं. शहर की अनेक सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने इस जनजागृति अभियान में सक्रिय सहभागिता की घोषणा की है. पत्रकार परिषद में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से बडी संख्या में पदयात्रा एवं जागरुकता अभियान में सहभागी बनने का आवाहन किया.
* हरिना फाउंडेशन की भविष्य की योजना में त्वचा दान सुविधा शामिल
पत्रकार परिषद में हरिना फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था प्रशासन के सहयोग से अमरावती में भविष्य में त्वचा दान (स्किन डोनेशन) सुविधा शुरू करने के लिए प्रयासरत है. इससे गंभीर रूप से झुलसे और त्वचा संबंधी गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. वर्ष 2010 में स्थापना के बाद से हरिना फाउंडेशन नेत्रदान, नेत्र प्रत्यारोपण, अंगदान और देहदान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है. संस्था अपने नेत्रालय के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को नेत्र चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध करा रही है. संस्था के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान हरिना नेत्रदान समिति ने 39 नेत्रदान एवं अंगदान मामलों में जिला सामान्य अस्पताल को सहयोग प्रदान किया. वहीं हरिना अंगदान समिति द्वारा अंगदान जनजागृति अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इस वर्ष दो अंगदान मामलों के माध्यम से कई मरीजों को नया जीवन प्राप्त हुआ. स्व. मधुसूदनजी जाजोदिया नेत्र प्रत्यारोपण केंद्र के माध्यम से अनेक नेत्रहीन मरीजों को दृष्टि प्राप्त हुई है, जबकि स्व. मंगलभाई पोपट नेत्रालय द्वारा कम शुल्क में नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा दी जा रही है. संस्था द्वारा देहदान के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है.

Back to top button