‘मोदी इज वन एन्ड ओनली’, कोई बराबरी नहीं कर सकता
राजस्व मंत्री बावनकुले ने मोदी के कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक

* प्रफुल्ल गुडधे का बयान बचकाना रहने की बात कही, बोले – कांग्रेस के लोग ही उनका शटर बंद कर देंगे
नागपुर /दि.9- महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा और भविष्य में कोई भी नेता उनकी बराबरी नहीं कर सकेगा. उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी दुनिया में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने वाले नेताओं में शामिल होंगे. नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बावनकुले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है. उन्होंने कहा कि मोदी का कार्यकाल इतना प्रभावशाली और ऐतिहासिक होगा कि आने वाले समय में किसी भी नेता के लिए उसकी बराबरी करना आसान नहीं होगा.
* राज्यभर में अतिक्रमित नालों को किया जाएगा पूर्ववत
राज्य में बाढ़ की समस्या और जल निकासी व्यवस्था पर बोलते हुए बावनकुले ने कहा कि पगडंडी रास्तों और किसानों के खेतों से जुड़े नालों को उनके मूल स्वरूप में बनाए रखना राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि राज्य के अनेक हिस्सों में राजस्व विभाग की जमीन और प्राकृतिक नालों पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिसके कारण बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याएं पैदा होती हैं. उन्होंने बताया कि सरकार राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अतिक्रमण हटाने की योजना बना रही है. इसके लिए एक विशेष कार्यबल का गठन किया जाएगा, जो नालों और जलमार्गों को पूर्ववत करने का काम करेगा.
* नवनीत राणा मेहनती और हिंदुत्ववादी नेता
अमरावती की पूर्व सांसद नवनीत राणा के संबंध में पूछे गए सवाल पर बावनकुले ने कहा कि नवनीत राणा एक मेहनती, लोकप्रिय और हिंदुत्ववादी नेता हैं. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के साथ-साथ देशभर में उनकी पहचान है और एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपनी अलग छवि बनाई है. राज्यसभा चुनाव को लेकर नवनीत राणा द्वारा दिए गए उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्यसभा की सीट के लिए उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल होने की शर्त स्वीकार नहीं थी, बावनकुले ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय था तथा उन्होंने अपनी भूमिका स्पष्ट रूप से रखी है.
* प्रफुल्ल गुडधे का बयान बचकाना
नागपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे द्वारा भाजपा का शटर बंद कर देंगे संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बावनकुले ने कहा कि यह बयान बेहद बचकाना और अपरिपक्व है. उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में एक करोड़ 51 लाख सदस्यों वाला संगठन है और दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल माना जाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रफुल्ल गुडधे हाल ही में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष बने हैं और शायद इसी उत्साह में ऐसे बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर इतनी गुटबाजी है कि भाजपा का शटर बंद करने से पहले कांग्रेस के लोग ही उनका शटर बंद कर देंगे.
* उज्ज्वला योजना के फैसले परिस्थितियों के अनुसार
उज्ज्वला गैस योजना से जुड़े सवाल पर बावनकुले ने कहा कि सरकार को समय-समय पर परिस्थितियों के अनुसार कुछ निर्णय लेने पड़ते हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी कई योजनाओं में अस्थायी बदलाव किए गए थे, जिन्हें बाद में स्थिति सामान्य होने पर पुनः व्यवस्थित किया गया. उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से जुड़े निर्णय भी परिस्थितियों के अनुसार लिए जाते हैं और उनका उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना होता है.
* नगरसेवक अपने खर्च पर जाएंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम में
भाजपा नगरसेवकों के मुंबई में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर उठे सवालों पर बावनकुले ने स्पष्ट किया कि नागपुर जिले के भाजपा नगरसेवक प्रशिक्षण के लिए अपने निजी खर्च पर मुंबई जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई है और किसी भी नगरसेवक ने पार्टी से एक रुपया भी नहीं लिया है. बावनकुले ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में भी जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाती रहेगी.





