मानसून से पहले अमरावती मनपा अलर्ट
तूफानी बारिश के बाद युद्धस्तर पर राहत कार्य

अमरावती/दि.10 – मानसून के मद्देनजर अमरावती मनपा ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं. मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और पूरी तरह सतर्क रहें.
इसी बीच सोमवार को हुई तेज आंधी और बारिश से शहर के कई हिस्सों में पेड़ और शाखाएं गिरने से यातायात प्रभावित हुआ. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मनपा के आपदा प्रबंधन दल, अग्निशमन विभाग और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू कर सड़कों से अवरोध हटाए. मंगलवार को आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. मनपा का मुख्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष 30 सितंबर तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा. किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 0721-2576426 पर संपर्क कर सकते हैं. मनपा प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.