अमरावती में राकांपा का 27वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

रेल्वे स्टेशन चौक स्थित विधायक सुलभा खोडके के जनसंपर्क कार्यालय में उमडे सैकडों पदाधिकारी

* पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प
अमरावती/दि.10- बुधवार 10 जून को अमरावती में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का 27वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह, समर्पण और संकल्प भावना के साथ मनाया गया. यह कार्यक्रम विधायक सुलभा संजय खोडके के रेल्वे स्टेशन चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के प्रेरणास्थान दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा के पूजन और माल्यार्पण से हुई. इसके बाद पार्टी ध्वज का ध्वजारोहण कर सलामी दी गई और स्थापना दिवस समारोह को औपचारिक रूप से मनाया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का 27 वर्षों का सफर केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के विकास, किसानों के संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की कहानी है. नेताओं ने कहा कि अजित पवार के योगदान से पार्टी को मजबूती मिली है और उनके विकासात्मक विजन ने संगठन को नई दिशा दी है.
कार्यक्रम में यह संकल्प भी व्यक्त किया गया कि पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा आम कार्यकर्ताओं को अधिक सशक्त बनाया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के मार्गदर्शन और आ. संजय खोडके के आवाहन के बाद यह कार्यक्रम भावनात्मक और समर्पित वातावरण में संपन्न हुआ. नेताओं ने कहा कि महाराष्ट्र के विकास, किसानों की समृद्धि, युवाओं के भविष्य और आम जनता के कल्याण के लिए पार्टी निरंतर कार्य करती रहेगी. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में शहर, महिला आघाड़ी, युवा, विद्यार्थी, किसान, मजदूर, व्यापारी, क्रीड़ा, सांस्कृतिक विभाग सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Back to top button