मुझे मेरी बेटी वापिस दिलाओ
महिला ने खोलापुरी गेट पुलिस से लगाई गुहार

* अपनी तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण की दर्ज कराई शिकायत
* आपसी जान पहचान का गलत फायदा उठाने का लगाया आरोप
* अगस्त 2025 में बच्ची का अपहरण होने की बात कही
अमरावती/दि.10 – राज्य परिवहन विभाग में अपनी नौकरी के चलते अमरावती के खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत किराए का कमरा लेकर रहनेवाली 38 वर्षीय महिला ने खोलापुरी गेट पुलिस थाने पहुंचकर गुहार लगाई है कि उसे उसकी तीन वर्षीय बच्ची वापिस दिलाई जाए. इस महिला द्बारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसकी जान पहचान में रहनेवाली एक युवती ने परिचय एवं जान पहचान का गलत फायदा उठाते हुए अगस्त 2025 में उसकी तीन वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया था और वह बच्ची को अपने साथ मुंबई लेकर चली गई थी और बार- बार प्रयास करने के बावजूद वह उसकी बच्ची को वापिस नहीं लौटा रही.
मूलत: वर्धा जिला निवासी शिकायतकर्ता महिला द्बारा दर्ज कराई गई फरियाद के मुताबिक वह अपनी सरकारी नौकरी के चलते विगत तीन वर्षो से अपने पति व तीन वर्षीय बच्ची के साथ बुधवारा परिसर में रहा करती थी और उसी परिसर में उसकी मुंहबोली मौसी भी रहती थी. चूंकि शिकायतकर्ता महिला का कार्यस्थल उसके घर से करीब 50 किमी की दूरी पर था. तो उक्त महिला काम पर आते जाते समय अपनी तीन वर्षीय बच्ची को अपनी मुंहबोली मौसी के यहां छोड जाया करती थी. जहां पर मुंहबोली मौसी के परिचय में रहनेवाली प्रीति (काल्पनिक नाम) नामक युवती का अक्सर आना जाना था, जो मौसी के यहां रहनेवाली तीन वर्षीय बच्ची के साथ काफी लाड प्यार किया करती थी. जिसके चलते बच्ची भी प्रीति के साथ काफी घुल मिल गई थी. 20 अगस्त 2025 को उक्त महिला हमेशा की तरह अपनी बच्ची को अपनी मुंहबोली मौसी के यहां छोडकर काम पर गई थी. लेकिन काम से लौटने के बाद जब वह अपनी बच्ची को वापिस लेने अपनी मुंहबोली मौसी के यहां पहुंची, तो उसे बताया गया कि बच्ची को प्रीति नामक युवती अपने साथ कुछ दिन घुमाने फिराने हेतु मुंबई लेकर गई है. चूकि उक्त महिला भी इस दौरान प्रीति के परिचित हो चुकी थी. जिसके चलते उसे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगा. लेकिन जब काफी दिन बीत जाने के बाद भी प्रीति उसकी बच्ची को लेकर अमरावती वापिस नहीं लौटी. तब उक्त महिला ने अपनी मुंहबोली मौसी से प्रीति का मुंबई वाला पता लिया और वह अपनी बच्ची को लेने के लिए मुुंबई पहुंची. लेकिन प्रीति ने बच्ची वापिस लौटाने की बजाय यह कहते हुए टालमटोल करने का प्रयास किया कि अभी बच्ची की तबियत ठीक नहीं है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इसके बाद भी उक्त महिला ने प्रीति से कई बार संपर्क करते हुए अपनी बच्ची को वापिस लेने का प्रयास किया. लेकिन प्रीति हर बार बच्ची वापिस लौटाने में टालमटोल करती रही. जिसके चलते उक्त महिला ने मुंबई के मलाट पुलिस स्टेशन में प्रीति के खिलाफ अपनी बच्ची के अपहरण को लेकर शिकायत दर्ज कराई. चूकि घटनास्थल अमरावती के खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित है. जिसके चलते मलाड पुलिस ने जीरो एफआयआर दर्ज करते हुए यह मामला अमरावती पुलिस को वर्ग कर दिया. इसके चलते खोलापुरी गेट पुलिस ने बीएनएस की धारा 137 (2) के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरू की.





