बारिश के सीझन दौरान चिखलदरा में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 300 जवान तैनात

* प्रमुख रास्तों, व्यू पॉईंट व भीडभाड वाले स्थानों की होगी निगरानी
* सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने जारी की विशेष एडवाइजरी
अमरावती/दि.3- विदर्भ का कश्मिर कहे जाते क्षेत्र के एकमात्र प्रमुख पर्यटन स्थल चिखलदरा में प्रतिवर्ष मानसून सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना होता है. जो यहां की हरीभरी वादियों तथा ऊंचे-ऊंचे पहाडों सहित बेहद ऊंचाई से गिरनेवाले पहाडी झरनो के नयनाभिराम प्राकृतिक नजारों को देखने का आनंद लेते है. परंंतु कई बार पर्यटकों द्वारा बरती जानेवाली असावधानी के चलते अतीत में कई तरह के हादसे भी घटित हो चुके है. इस बात के मद्देनजर बारीश के जारी सिजन के दौरान पर्यटकों के संभावित आगमन को देखते हुए अमरावती ग्रामीण पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए विशेष बंदोबस्त किया गया है. साथ ही पुलिस ने चिखलदरा आनेवाले पर्यटकों के लिए विशेष एडवायझरी भी जारी की है.
इस संदर्भ में आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में ग्रामीण पुलिस द्वारा बताया गया कि, इस वर्ष के वर्षाकालीन पर्यटन सीजन में करीब 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा 100 होमगार्ड विभिन्न पर्यटन स्थलों, व्यू पॉइंट्स, मुख्य मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किए गए हैं. यातायात नियंत्रण और पर्यटकों को सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. पर्यटकों को तत्काल सहायता और मार्गदर्शन देने के लिए 14 पुलिस मोटरसाइकिल राइडर्स को बॉडी-वॉर्न कैमरे तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम उपलब्ध कराए गए हैं. ये राइडर्स लगातार गश्त कर यातायात व्यवस्था संभालेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करेंगे.
* शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. विभिन्न स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित की गई हैं, जहां वाहन चालकों की नियमित जांच होगी. शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, ट्रिपल सीट, हेलमेट एवं सीट बेल्ट नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
* सादे वेश में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
पर्यटन स्थलों पर चोरी, जेबकतरी, महिलाओं से छेड़छाड़, अवैध गतिविधियों तथा पर्यटकों से धोखाधड़ी रोकने के लिए विशेष दल, दामिनी पथक और सादे वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यटकों के प्रति विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं.
* पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
पुलिस ने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, खतरनाक स्थानों पर सेल्फी न लेने, सुरक्षा बैरिकेड्स पार न करने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. इसके अलावा पर्यटकों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने, कचरा न फैलाने, संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा नदियों एवं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है.
* वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू
इस प्रेसनोट में बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 20 जून से 27 सितंबर 2026 तक महत्वपूर्ण त्योहारों, शासकीय अवकाश, शनिवार और रविवार को विशेष वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. इसके तहत परतवाड़ा से चिखलदरा जाने वाले वाहन धामणगांव गढ़ी मार्ग से जाएंगे, जबकि चिखलदरा से परतवाड़ा लौटने वाले वाहन घटांग मार्ग का उपयोग करेंगे.
* सहायता के लिए हेल्पलाइन
किसी भी समस्या, यातायात जाम या आपात स्थिति में पर्यटक पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा चिखलदरा पुलिस नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सएप नंबर 8380044100 पर संपर्क कर सकते हैं. उपरोक्त जानकारी देने के साथ ही जिला यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक नितिन देशमुख ने कहा कि अमरावती ग्रामीण पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी के सहयोग से चिखलदरा में सुरक्षित, व्यवस्थित और आनंददायक पर्यटन सुनिश्चित किया जाएगा.

Back to top button