दिवंगत पूर्व विधायक प्रा. बी.टी. देशमुख को मुकुल वासनिक व अविनाश पांडे ने दी श्रद्धांजलि
परिजनों से की सांत्वना भेंट

अमरावती/दि.13– अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कार्यसमिति सदस्य सांसद मुकुल वासनिक तथा पूर्व सांसद अविनाश पांडे ने रविवार को दिवंगत पूर्व विधायक प्रो. बी.टी. देशमुख के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
इस अवसर पर सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि प्रो. बी.टी. देशमुख अत्यंत समर्पित, निष्कलंक और सिद्धांतनिष्ठ व्यक्तित्व थे. उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा की और महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई. वे उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं के जानकार, सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले और कर्मठ जनप्रतिनिधि थे. उनके निधन से विदर्भ ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को अपूरणीय क्षति हुई है. पूर्व सांसद अविनाश पांडे ने कहा कि छात्र जीवन और महाविद्यालयीन आंदोलनों के समय से ही प्रो. देशमुख के नेतृत्व ने उन्हें प्रेरित किया. बाद में विधानमंडल में साथ काम करने का अवसर मिला. उन्होंने अपना पूरा जीवन विदर्भ के विकास और पिछड़ेपन को दूर करने के संघर्ष को समर्पित कर दिया. उनका निधन महाराष्ट्र के एक महत्वपूर्ण विचार और जनसेवा की परंपरा का बड़ा नुकसान है.
दोनों नेताओं ने प्रा. बी.टी. देशमुख की पत्नी सुशीलाताई देशमुख, पुत्रियों डॉ. वैशाली वानखड़े एवं डॉ. दीपा लाड, दामाद हेमंत वानखड़े और डॉ. सुनील लाड तथा उनके भाई प्रा. एम.टी. देशमुख से भेंट कर सांत्वना व्यक्त की. साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रा. देशमुख के शिक्षा, समाजसेवा और क्षेत्रीय विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की. इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, गिरीश बाबू गांधी, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, किशोर बोरकर, डॉ. दिनेश गवली तथा वरिष्ठ पत्रकार बालासाहेब कुलकर्णी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.





