एमपीएससी ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

अमरावती में 1,980 उम्मीदवार हुए शामिल

* छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा
* कड़ी सुरक्षा के बीच 90 उम्मीदवार रहे अनुपस्थित
अमरावती /दि.11– महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित महाराष्ट्र ग्रुप-सी सेवा संयुक्त मुख्य परीक्षा-2025 रविवार को अमरावती शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. दो पालियों में आयोजित परीक्षा में करीब 1,980 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया, जबकि लगभग 90 उम्मीदवार विभिन्न कारणों से अनुपस्थित रहे.
एमपीएससी ने वर्ष 2025 में ग्रुप-सी संवर्ग के 1,789 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है. इनमें 1,643 पद लिपिक-टंकलेखक तथा 146 पद गृह (परिवहन) विभाग के लिए हैं. परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे. सभी छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी पुलिस सुरक्षा, उड़नदस्ते और निगरानी व्यवस्था तैनात की गई. परीक्षा संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए 210 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी. मुख्य परीक्षा कुल 400 अंकों की थी और दो सत्रों में आयोजित की गई. पहला प्रश्नपत्र मराठी एवं अंग्रेजी भाषा का सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुआ, जबकि दूसरा प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन का दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया. परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली. प्रशासन के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.

Back to top button