अजित पवार की एनसीपी में कलह, पार्टी में जल्द टूट होगी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का दावा

मुंबई /दि.14- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में आंतरिक विवाद के बीच महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है. उन्होंने कहा कि अजित पवार की पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है और जल्द ही पार्टी में टूट देखने को मिल सकती है.
सपकाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के चयन को चुनौती दिए जाने से स्पष्ट है कि एनसीपी (अजित गुट) में अंदरूनी मतभेद बढ़ गए हैं. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर गुटबाजी तेज हो गई है और आने वाले समय में इसका असर खुलकर सामने आएगा. कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि केवल अजित पवार की पार्टी ही नहीं, बल्कि शिंदे गुट की शिवसेना में भी असंतोष है. उनके अनुसार दोनों दलों में अंदरूनी संघर्ष चल रहा है. इसके अलावा, हर्षवर्धन सपकाल ने राम मंदिर दान प्रकरण, शिवस्मारक, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार जैसे मुद्दों पर भी राज्य और केंद्र सरकार की आलोचना की. उन्होंने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी भाजपा के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरेंगे. हालांकि, अजित पवार गुट की ओर से पार्टी में टूट की आशंका संबंधी दावे पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.





