राजस्व, वन विभाग ने की 36 मानद वन्यजीव रक्षकों की नियुक्ति
अमरावती जिले से अल्केश ठाकरे व सौरभ जवंजाल का चयन

परतवाडा/दि.16- राज्य के राजस्व व वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत राज्य के विविध जिलो के लिए 36 मानद वन्यजीव रक्षकों की नियुक्ति की है. जिसमें इस आशय का शासन निर्णय 13 जुलाई को जारी किया गया. नियुक्त मानद वन्यजीव रक्षकों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा. नियुक्त मानद वन्यजीव रक्षक वन्यजीव संरक्षण, जनजागृति, वन्यजीव अपराधों की जानकारी देंगे और वन विभाग को सहकार्य करेंगे.
अमरावती जिले से अल्केश विश्वासराव ठाकरे व सौरभ पुरुषोत्तम जवंजाल की मानद वन्यजीव रक्षक के तौर पर नियुक्ति की गई है. जिलानिहाय मानद वन्यजीव रक्षकों की सूची में राज्य के वर्धा, नागपुर, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, नांदेड, बीड, हिंगोली, परभणी, धाराशिव, लातूर, रायगड, पालघर, ठाणे, पुणे, कोल्हापुर, नाशिक और अमरावती जिले के चुनिंदा लोगों का समावेश किया गया है.
वन्यजीव संरक्षण के लिए स्वयंसेवी स्वरुप में कार्य करनेवाले इन मानद वन्यजीव रक्षकों की वजह से वन विभाग में वन्यजीव संवर्धन, जनजागृति और वन्यजीव अपराधों पर नियंत्रण रखने में मदद होगी, ऐसी अपेक्षा व्यक्त की जा रही है. अमरावती जिले से नियुक्त अचलपुर तहसील के परतवाडा शहर के निवासी अल्केश ठाकरे पक्षी मित्र है और वे वन्यजीव संरक्षण के लिए सतत कार्य कर रहे है. उनके कार्यो की दखल लेकर शासन की ओर से उनकी नियुक्ति की गई है. जिसकी सर्वत्र सराहना की जा रही है.