नाबालिगों में इतनी अधिक क्रूरता कहां से आई?

आफाक शेख हत्याकांड से पैदा हुए सवाल

* घटना का सीसीटीवी फूटेज है विचलित करनेवाला
* महज 2 से 3 मिनट के झगडे में गई आफाक की जान
* गर्दन, पीठ व सीने पर 3 से 4 इंच गहरे 4 से 5 घाव
* आफाक का पंजा कटने के साथ ही 10 मीटर तक फैला था आधा लीटर खून
* नाबालिगों के हथियार लेकर घूमने व सफाई से हथियार चलाने को कहा जा सकता है चिंता का विषय
अमरावती/दि.16- गतरोज स्थानीय राजेंद्र कॉलनी-विजय कॉलनी परिसर में घटित हुए आफाक शेख हत्याकांड के चलते पूरे शहर में जबरदस्त हडकंप मचा हुआ है. इस वारदात में जिस तरह से नाबालिगों की संलिप्तता सामने आयी है और अल्पवयिन आरोपियों द्वारा जिस बेखौफ अंदाज में बडी सफाई के साथ बेहद तेज धार वाले कोयते व चाकू जैसे हथियारों का प्रयोग किया गया. इसे लेकर कई तरह के सवाल उठने के साथ ही समाजमन में चिंता का भी माहौल है. इस घटना का सीसीटीवी फूटेज भी सामने आ चुका है. जिसमें दिखाई दे रहे दृश्य काफी अधिक विचलित करनेवाले है. जिसके चलते उन फूटेज के दृश्यों को प्रकाशित व प्रसारीत भी नहीं किया जा सकता.
गतरोज घटित आफाक हत्याकांड को लेकर सामने आए सीसीटीवी फूटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि, झगडे से लेकर हत्याकांड तक पूरी वारदात महज ढाई से तीन मिनट के भीतर घटित हो गई. फूटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि, दोनोें पक्षों के युवकों के मौके पर पहुंचने के बाद मात्र आधा मिनट शाब्दिक तनातनी हुई. जिसके बाद अचानक ही कमर में खोसकर रखे गए चाकू व कोयते जैसे धारदार हथियार निकल आए और एक पक्ष के युवकों द्वारा दूसरे पक्ष के युवकों पर इन धारदार हथियारों से सपासप वार करने शुरू कर दिए गए. हथियारों की तेज धार का इस बात से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि, कोयते के वार से आफाक शेख के बाए हाथ का पंजा कलाई से कटकर अलग हो गया और सडक पर करीब 10 मीटर तक आफाक शेख का लगभग आधा लीटर खून बिखरा पडा था.
गौरतलब है कि कल बुधवार 15 जुलाई को सुबह लगभग 8 बजे के आसपास पोरवाल सिमेंट डिपो के पास खून से लथपथ घटनास्थल और मृतक की हथेली का कटा हुआ पंजा मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी. गंभीर रूप से घायल आफाक को इर्विन अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी. मृतक के गले, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए कई वार पाए गए थे. इस मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस ने गतरोज तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया था. जिनके साथ की गई प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है. वहीं वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के विशेष पथक विभिन्न संभावित ठिकानों पर रवाना किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
* पोस्टमार्टम से सामने आयी दिल दहलानेवाली सच्चाई
गतरोज आफाक शेख का जिला शवागार में पोस्टमार्टम किया गया. जिसके बाद इस मामले से जुडी बेहद भयावह सच्चाई सामने आयी. इसके मुताबिक बाए हाथ का पंजा कटने के साथ ही आफाक शेख के गर्दन, पीठ व सीने पर 3 से 4 इंच गहरे करीब 4 से 5 घाव बने हुए थे. जिसका सीधा मतलब है कि, आरोपी युवकों ने हथियार चलाने कोई सुस्ती नहीं की. बल्कि महज एक मिनट के भीतर आफाक शेख का चाकू व कोयते से सपासप वार किए गए. ऐसे में सबसे बडा सवाल यह उपस्थित होता है कि, उन नाबालिग युवकों के पास ऐसे तेज धारदार हथियार कहां से आए, इन हथियारों को लेकर वे खुलेआम कैसे घूूम रहे थे तथा उन्होंने इन हथियारों को इतनी सफाई के साथ चलाने का प्रशिक्षण कहां से हासिल किया. इन सभी सवालों ने इस समय अमरावती के सर्वसामान्य समाजमन को चिंतित कर दिया है.
* सोशल मीडिया पर रीलबाजी भी सबसी बडी वजह
यहां यह भी विशेष उल्लेखनिय है कि, इन दिनों युवाओं में सोशल मीडिया पर अपनी तरह-तरह की रील डालने का चलन काफी अधिक बढ गया है. जिसके तहत कई युवा फेसबुक व इन्स्टाग्राम पर कई बार हथियारों के साथ भी रील पोस्ट व शेअर करते है. साथ ही साथ सोशल मीडिया पर चाकू व तलवार मिलने हेतु विज्ञापन भी जमकर प्रसारित होते है. जिसके चलते कमसिन उम्र वाले युवाओं में हथियारों को लेकर एक अलग ही तरह का आकर्षण पैदा होता है. ध्यान देने वाली बात यह भी है कि, गतरोज हुए हमले में मारा गया आफाक शेख भी अमरावती में सोशल मीडिया पर एक चर्चित चेहरा था, जो जिन्स पैंट व कपडों को लेकर अपनी कई रील पोस्ट व शेअर करता था.
* हथियारों के साथ तैयारी दोनों ओर से थी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गतरोज की घटना में दोनों पक्षों में से कोई भी पक्ष निहत्था नहीं था. बल्कि आफाक शेख और उसके साथ गए अन्य दो युवकों के पास भी कथित तौर पर हथियार थे, ऐसा पता चला है. लेकिन दूसरे पक्ष ने आफाक शेख व उसके दोस्तों को संभलने का मौका ही नहीं दिया. बल्कि बातचित जारी रहने के दौरान अचानक ही हथियार निकालकर धावा बोल दिया. इसके चलते आफाक शेख उन युवकों के चंगुल में फंंस गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य दोनों युवक वहां से हडबडी में अपनी जान बचाकर भागे.
* सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
राजेेंद्र कॉलनी-विजय कॉलनी परिसर में जिस जगह पर हत्या की वारदार घटित हुई, उसके पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात के दृश्य कैद हुए है. इसके साथ ही परिसर में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फूटेज में सभी युवकों के वारदात से पहले घटनास्थल की ओर आने और वारदात के बाद मौके से भाग निकलने के दृश्य भी कैद हुए है. जिसके आधार पर पुलिस ने तेज गति के साथ जांच करते हुए गतरोज ही वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को धरदबोचा, वहीं चौथे आरोपी की सरगर्मी के साथ तलाश जारी है.
* जल्द हो सकता है पूरा खुलासा
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ रही है. चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी साजिश सामने आने की संभावना जताई जा रही है. शहर में चर्चित बने इस हत्याकांड को लेकर नागरिकों की नजर अब पुलिस जांच और आगामी खुलासों पर टिकी हुई है.
* प्रत्यक्षदर्शी याह्या अरिब ने पुलिस को बताया पूरा घटनाक्रम
गतरोज वारदात के समय आफाक शेख के साथ मौजूद याह्या अरिब अ. सईद (18, जमील कॉलनी) ने फे्रजरपुरा पुलिस को दिए गए अपने बयान में पूरा वाकया बताने के साथ ही इस हमले व हत्याकांड से जुडी वजह का भी खुलासा किया है. अपने द्वारा दी गई जुबानी रिपोर्ट में याह्या अरिब ने बताया कि, करीब 7-8 माह पहले वह दो युवतियों से दोस्तों के ग्रुप के दौरान मिला था. जिसके बाद उसकी उन दोनों युवतियों के साथ दोस्ती हो गई थी. यह बात उनमें से एक युवती के दोस्त रहनेवाले देवांश (काल्पनिक नाम) को पसंद नहीं थी. जिसके चलते देवांश ने आपत्ति उठाते हुए उसे उस युवती से बात करने से मना किया था. यह बात उसने अपने दोस्त अफाक शेख व मो. अब्बान खान को बतायी थी. गतरोज तीनों दोस्त सुबह 7.30 बजे के आसपास चाय पिने के लिए विद्याभारती कॉलेज के पास गए थे. जहां पर उन दो युवतियों में से एक युवती उन्हें मिली और उसने इस मामले का निपटारा करने हेतु देवांश को रूख्मिणी नगर में राजेंद्र कॉलनी-विजय कॉलनी परिसर स्थित सॅम्स कॉर्नर पर आने हेतु कहा. साथ ही उक्त युवती आफाक शेख, मो. अब्बान व याह्या अरिब को साथ लेकर सॅम्स कॉर्नर पहुंची. जहां पर देवांश अपने तीन दोस्तों के साथ आया और बातचित करने के दौरान देवांश सहित उसके एक दोस्त ने अचानक ही तेज धारदार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया. इसी हमले में आफाक के बाए हाथ का पंजा कट गया और उसके गले व सीने पर चाकू व कोयते के गहरे घाव बने. आफाक को गंभीर रूप से घायल करने के बाद देवांश व उसके दोस्त मौके से भाग निकले. जिसके बाद उसने बुरी तरह घायल आफाक को ऑटो में डालकर इर्विन अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक आफाक शेख की मौत हो चुकी थी. अरिब याह्या द्वारा दिए गए इस बयान के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगोें को हिरासत में लेने के साथ ही चौथे आरोपी की तलाश करनी शुरू कर दी है. साथ ही मामले की सघन पडताल की जा रही है.

Back to top button