अमरावती में पुलिस अधिकारियों के लिए साइबर सुरक्षा कार्यशाला

ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने का दिया प्रशिक्षण

अमरावती/दि.16 – महाराष्ट्र साइबर, मुंबई के सहयोग से अमरावती शहर, अमरावती ग्रामीण और यवतमाल के साइबर एवं सीसीटीएनएस विभागों में कार्यरत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय साइबर कार्यशाला का आयोजन डॉ. सी. वी. रमन सभागार, शिवाजी विज्ञान महाविद्यालय में किया गया.
यह कार्यशाला महाराष्ट्र के पुलिस महासंचालक सदानंद दाते के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस महासंचालक के सहयोग से आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरावती शहर के पुलिस उपायुक्त शाम घुगे ने की. कार्यशाला में अमरावती शहर, अमरावती ग्रामीण और यवतमाल से कुल 155 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए. महाराष्ट्र साइबर मुख्यालय के पुलिस निरीक्षक संतोष जाधव तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञ राहुल करांडे ने प्रशिक्षण दिया. उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध साइबर अपराध, डिजिटल साक्ष्य संकलन तथा साइबर अपराधों की जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी. साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए.
कार्यशाला के संचालन में अनिकेत कासर, निखिल माहुरे, मोहम्मद सुल्तान, ममता अबरुक, अपर्णा बांदे, करण बोरकुटे, नीलेश वानखड़े, अनिकेत वानखड़े, सपना सखरा तथा स्वप्निका गवई ने सहयोग किया. पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी या सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले किसी साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं. इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल हीींिीं://ुुु.लूलशीलीळाश.र्सेीं.ळप पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है या निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया जा सकता है.

Back to top button