अमरावती ग्रामीण पुलिस दल के 31 जवान उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित
जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने समारोह में किया पुरस्कृत

* सम्मानचिन्ह व प्रशस्तीपत्र प्रदान किये गये
अमरावती/दि.16 – अमरावती ग्रामीण पुलिस बल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानचिन्ह एवं प्रशस्तीपत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह 13 जुलाई को सत्कार मंथन हॉल में आयोजित किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम (आईपीएस) ने की. उन्होंने अपराध नियंत्रण, प्रभावी जांच, संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे, चोरी के माल की बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा समयबद्ध जांच कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान किया.
पुलिस निरीक्षक सुरेश मस्के (चांदूर रेलवे) को परतवाड़ा पुलिस थाने में कार्यरत रहते हुए संपत्ति संबंधी अपराधों का खुलासा कर चोरी का माल बरामद करने के लिए सम्मानित किया गया. सहायक पुलिस निरीक्षक सूरज तेलगोटे (आसेगांव) और उनकी टीम को वारंटों की प्रभावी तामील, लंबित मामलों के निपटारे तथा संपत्ति संबंधी अपराधों का पर्दाफाश कर चोरी का माल बरामद करने के लिए सम्मान मिला. खोलापुर पुलिस थाना की टीम ने दो गंभीर मामलों की जांच 24 घंटे के भीतर पूरी कर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया. इस उपलब्धि के लिए सहायक निरीक्षक अनूप वाकोडे, पीएसआई सुनीता कांगटे, चंद्रशेखर गावंडे, हेड कांस्टेबल संतोष अढाउ, जवान उमेश नागदीवे को सम्मानित किया गया.
मंगरुल दस्तगीर पुलिस थाना की टीम ने वर्ष 2016 के पॉक्सो एवं दुष्कर्म प्रकरण में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को 10 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा दिलाई. इसलिए सेवानिवृत्त पीएसआई राजेंद्र होटे, हेड कांस्टेबल रोशन दुधे को, वरुड पुलिस थाना की टीम ने एक महिला से 12.55 लाख रुपये की ठगी के मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा 9.20 लाख रुपये का माल बरामद कर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया. उसके लिए एएसआई गोपीनाथ वाघमारे, जवान अजय काले, सागर शिवणकर को, आसेगांव पुलिस ने पशु चोरी के चार मामलों का खुलासा कर 86 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया. इस कार्य के लिए एपीआई सूरज तेलगोटे, हेड कांस्टेबल पंकज गावंडे, इजहार साकीब, सरफराज शेख, संभाजी टिपरे, जयकुमार वाहने को, पथ्रोट पुलिस थाना के सहायक निरीक्षक अभय चौथनकर, पीएसआई सिडाम, एएसआई प्यारेलाल जवंजाल, हेड कांस्टेबल संतोष गिर्हेकर, उमेश उघडे, योगेश बोदूले, जवान विवेक ठाकरे, रुपेश शिंगणे, विजय आसोलकर आदि को विभिन्न अपराधों की प्रभावी जांच और त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया. इनमें तलेगांव दशासर पुलिस थाना के एपीआई किरण औटे और महिला हेड कांस्टेबल कांचन दहाटे ने जिले में सर्वाधिक 155 अपराधों की ई-साइनिंग तथा 131 आरोपपत्रों का ई-अपलोड कर प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया.





