जे एंड डी मॉल की बदहाल स्थिति पर उपमहापौर व गटनेता का निरीक्षण

बिल्डर को जल्द मरम्मत के निर्देश, मनपा अधिकारी भी रहे मौजूद

* व्यापारियों ने विविध समस्याओं से कराया अवगत
* भारी अव्यवस्था एवं रखरखाव की कमी देखकर उपमहापौर हुए संतप्त
अमरावती/दि.16 – जे एंड डी मॉल की जर्जर स्थिति और स्थानीय व्यापारियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को महानगरपालिका के उपमहापौर सचिन भेंडे और गटनेता नाना आमले ने मनपा अधिकारियों के साथ मॉल का निरीक्षण किया. यह दौरा विधायक रवि राणा के निर्देश पर आयोजित किया गया.
बताया गया कि स्थानीय व्यापारियों ने विधायक रवि राणा को मॉल की बदहाल स्थिति, पार्किंग क्षेत्र की अव्यवस्था और अन्य समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे थे. इसी के बाद मनपा की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान मॉल की पार्किंग और अन्य हिस्सों में भारी अव्यवस्था एवं रखरखाव की कमी देखकर उपमहापौर और गटनेता ने नाराजगी जताई. व्यापारियों ने भी बिल्डर के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि उसकी लापरवाही के कारण मॉल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. निरीक्षण में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, कार्यकारी अभियंता कांबले, शहर अभियंता रविंद्र पवार, अतिरिक्त अतिक्रमण विभाग प्रमुख योगेश कोल्हे, बाजार परवाना विभाग के उदय चव्हाण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. डॉ. जाधव भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे. निरीक्षण के बाद मनपा की ओर से स्पष्ट किया गया कि बिल्डर को मॉल की आवश्यक मरम्मत और रखरखाव का कार्य जल्द पूरा करना होगा. यदि निर्धारित समय में सुधार कार्य नहीं किए गए, तो महानगरपालिका आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए मार्केट को अपने अधीन लेने की कार्रवाई करेगी.

Back to top button