आवारा कुत्तों की बढती समस्या पर सख्त हुए विधायक प्रवीण पोटे
रूख्मिणी नगर में बच्ची को कुत्तों द्वारा काटे जाने की घटना पर दिखाई गंभीरता

* मनपा आयुक्त को पत्र देकर 7 दिन में कार्रवाई करने व रिपोर्ट देने के निर्देश
अमरावती/दि.16- अमरावती शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों और सडकों पर घुमते पशुओं की समस्या को लेकर विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटील ने नवनियुक्त मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने शहर में भटकते कुत्तों से नागरिकों को हो रहे खतरे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पशुवैद्यकीय विभाग को सक्रिय करने तथा प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बताई है.
विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने मनपा आयुक्त डॉ. गोंदावले के नाम जारी अपने पत्र में कहा है कि अमरावती महानगर क्षेत्र में इन दिनों भटकते कुत्तों और मोकाट पशुओं का प्रकोप बढ़ गया है. दिन हो या रात, नागरिकों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. अपने पत्र में विधायक प्रवीण पोटे ने आज सुबह ही रुक्मिणी नगर में हुई उस घटना का उल्लेख किया है, जिसमें एक 12 वर्षीय बालिका पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. बालिका का उपचार रेडियंट हॉस्पिटल में जारी है. विधायक पोटे ने कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया.
शहर में आवारा कुत्तों की बढती समस्या के मद्देनजर विधायक पोटे ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि शहर में भटकते कुत्तों की नसबंदी के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए सक्षम तंत्र खड़ा किया जाए. उन्होंने पशुवैद्यकीय अधिकारी को तत्काल निर्देश जारी कर विस्तृत कृति आराखड़ा (एक्शन प्लान) तैयार करने की भी मांग की है. विधायक पोटे ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी के लिए पूर्व में जिन संस्थाओं को ठेका दिया गया था, उनके कार्यों की भी समीक्षा की जानी चाहिए. संबंधित कार्य वास्तव में हो रहा है या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है. साथ ही यदि किसी प्रकार की अनियमितता या गैरव्यवहार हुआ है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच की जाए. पूरे मामले को लेकर जबरदस्त गंभीरता दिखाते हुए विधायक प्रवीण पोटे पाटील ने मनपा आयुक्त से पूरे मामले की जांच कर सात दिनों के भीतर स्वयंस्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाने चाहिए.
इसके साथ ही अपने पत्र में विधायक पोटे ने नवनियुक्त मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मनपा के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शहर के विकास को नई गति मिलेगी. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मार्गदर्शन में अमरावती के विकास के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है.