मराठी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी अलग हुई

आदिनाथ कोठारे और ऊर्मिला कानेटकर ने लिया तलाक का फैसला

* 15 साल के रिश्ते को दिया विराम, बेटी जिजा की परवरिश साथ मिलकर करेंगे
मुंबई/दि.16- मराठी फिल्म और टीवी जगत की लोकप्रिय जोड़ी आदिनाथ कोठारे और ऊर्मिला कानेटकर ने अपने वैवाहिक जीवन को समाप्त करने का फैसला किया है. दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से संयुक्त बयान जारी कर बताया कि उन्होंने आपसी सहमति और पूर्ण समझदारी के साथ अलग होने का निर्णय लिया है. इस घोषणा के साथ ही पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में दूरियां आने की चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है. हालांकि दोनों ने स्पष्ट किया है कि उनकी बेटी जिजा हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेगी और उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी वे मिलकर निभाएंगे.
आदिनाथ और ऊर्मिला ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा पोस्ट में कहा कि काफी विचार-विमर्श और आत्ममंथन के बाद उन्होंने पति-पत्नी के रूप में अलग होने का निर्णय लिया है. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पति-पत्नी के रूप में उनका सफर भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन उनकी बेटी जिजा उनके जीवन का केंद्र बनी रहेगी. उसके सुखद, सुरक्षित और प्रेमपूर्ण भविष्य के लिए दोनों मिलकर को-पैरेंटिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे. दोनों कलाकारों ने अपने बयान में कहा कि एक-दूसरे के साथ बिताए गए 15 वर्षों के रिश्ते और यादों के प्रति उनके मन में हमेशा सम्मान बना रहेगा. उन्होंने अपने प्रशंसकों और मीडिया का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने वर्षों तक उनके सफर में साथ दिया. साथ ही उन्होंने अपील की कि जीवन के इस निजी और संवेदनशील दौर में उनकी निजता का सम्मान किया जाए. दोनों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस विषय पर यही उनका पहला और अंतिम आधिकारिक वक्तव्य होगा तथा वे आगे इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.
* दोस्ती से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
बता दे कि, आदिनाथ कोठारे और ऊर्मिला कानेटकर की प्रेम कहानी मराठी मनोरंजन जगत की चर्चित कहानियों में से एक रही है. दोनों की मुलाकात दोस्ती के रूप में हुई और समय के साथ यह रिश्ता प्रेम में बदल गया. वर्ष 2011 में दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया था. 2017 में उनके घर बेटी जिजा का जन्म हुआ. लंबे समय तक दोनों को मराठी फिल्म इंडस्ट्री की आदर्श और सफल जोड़ी माना जाता रहा.
* लंबे समय से चल रही थीं अटकलें
पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच दूरी बढ़ने की चर्चाएं सामने आ रही थीं. कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और आयोजनों में भी दोनों एक साथ दिखाई नहीं दे रहे थे. हालांकि उस समय दोनों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी. अब सोशल मीडिया पर जारी संयुक्त बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों ने अपने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने का फैसला कर लिया है. इस खबर से उनके प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है और सोशल मीडिया पर दोनों के लिए शुभकामनाओं तथा समर्थन के संदेशों की बाढ़ आ गई है.

Back to top button