शहर की बिगडती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा डीपीसी की बैठक में
विधायक संजय खोडके ने जिला नियोजन समिती की बैठक में रखी बात

* पालकमंत्री बावनकुले को शहर में बढते अपराधों की स्थिती से कराया अवगत
* मंत्री बावनकुले ने मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए जल्द ही स्वतंत्र बैठक बुलाने की बात कही
अमरावती/दि.17 – स्थानीय जिलाधीश कार्यालय के नियोजन भवन में आज राज्य के राजस्वमंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता के तहत हुई जिला नियोजन समिती की बैठक में विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने अमरावती शहर में अपराधों की लगातार बढती संख्या तथा शहर की बिगडती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया. जिसकी गंभीर दखल लेते हुए पालकमंत्री बावनकुले ने कहा कि, इस संदर्भ में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शहर पुलिस के आलाअधिकारियों की जल्द ही एक बैठक बुलायी जाएगी. जिसमें शहर के हालात की समिक्षा करते हुए अमरावती शहर में कानून व व्यवस्था की स्थिती को मजबूत करने के बारे में आवश्यक उपाययोजनाओं पर विचार किया जाएगा.
आज हुई डीपीसी की बैठक में शहर की बिगडती कानून व्यवस्था का मुद्दा उपस्थित करते हुए विधायक संजय खोडके ने कहा कि विगत कुछ समय से अमरावती शहर में अपराधिक तत्व जमकर सक्रिय है. जिसके चलते जहां एक ओर शहर में एमडी ड्रग्ज की तस्करी व बिक्री सहीत अन्य कई तरह के अवैध व्यवसाय जमकर फलफूल रहे है, वहीं हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी व सेंधमारी जैसे अपराधों की भी बाढ आयी हुई है. ऐसे में बेहद जरूरी है कि, अपराधिक तत्वों को नियंत्रित करने हेतु प्रभावी कदम उठाए जाए. इस पर मंत्री बावनकुले ने कहा कि, इस संदर्भ में जल्द ही एक स्वतंत्र बैठक बुलायी जाएगी. जिसमें शहर की कानून व्यवस्था को मजबूत रखने हेतु किए जानेवाले आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.





