ट्रेन में युवती से छेडछाड करना युवक पर पडा भारी
छेड़छाड़ करने वाले युवक को युवती ने सिखाया जबरदस्त सबक

* युवक के हाथों में पहनाईं चूड़ियां, होठों पर लगाई लिपस्टिक
* भुसावल-वर्धा ट्रेन का मामला, घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अकोला/दि.17- अकोला-बडनेरा रेल मार्ग पर चलने वाली भुसावल-वर्धा पैसेंजर ट्रेन में छेड़छाड़ की एक घटना के बाद युवती द्वारा आरोपी युवक को अनोखे अंदाज में सबक सिखाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती आरोपी के हाथों में चूड़ियां पहनाते और उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगाते हुए दिखाई दे रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेगांव से बडनेरा की ओर जा रही ट्रेन में यात्रियों की काफी भीड़ थी. इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. शुरुआत में युवती ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन हरकतें जारी रहने पर उसने अन्य यात्रियों की मदद से युवक को पकड़ लिया. घटना के बाद युवती ने आरोपी युवक को केवल डांटने या पिटाई करने के बजाय अलग तरीके से सबक सिखाने का निर्णय लिया. उसने अपने हाथों की चूड़ियां निकालकर युवक के हाथों में पहना दीं. इसके बाद उसके चेहरे और होंठों पर लिपस्टिक लगाकर सार्वजनिक रूप से उसकी हरकतों का विरोध जताया. ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने भी युवती का साथ दिया और आरोपी युवक को उसकी हरकत पर खरी-खोटी सुनाई. इस दौरान कुछ यात्रियों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने युवती के साहस की सराहना की है. वहीं कुछ लोगों ने महिलाओं के खिलाफ होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रेलवे पुलिस या स्थानीय पुलिस थाने में किसी औपचारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हो सकी थी. हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित एजेंसियां मामले की जानकारी जुटा रही हैं. युवती द्वारा दिखाई गई हिम्मत और तत्परता की सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हो रही है.





