अमरावती ग्रामीण पुलिस का ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान

मॉर्निंग वॉक के जरिए नशामुक्ति, हेलमेट और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

* 31 पुलिस थाना क्षेत्रों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने लिया हिस्सा
* नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
अमरावती/दि.20 – अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत शनिवार सुबह जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया. सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक सभी 31 पुलिस थाना क्षेत्रों में मॉर्निंग वॉक और प्रभात फेरी के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया.
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशे की लत से दूर रखें तथा यदि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने संदेश दिया कि क्षणिक खुशी के लिए नशे की ओर न बढ़ें, बल्कि सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें. सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया. हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हुई मौतों का उल्लेख करते हुए पुलिस ने सभी वाहन चालकों से आईएसआई मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की अपील की.
इस अभियान में जिले के विधायक प्रतापदादा अडसड, प्रवीण तायडे, चंदूभाऊ यावलकर और गजानन लवटे सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए. सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने नांदगांव खंडेश्वर स्थित एकलव्य गुरुकुल में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ प्रभात फेरी में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट के महत्व, आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1091 तथा अग्निशमन सेवा 101 की जानकारी दी गई. साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, अफवाहों से बचने और साइबर ठगी से सुरक्षित रहने के उपाय भी बताए गए. प्रभात फेरी के बाद जिले के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई. इस अभियान में करीब 9 हजार से 10 हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों ने भाग लिया.
यह अभियान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया. इसमें सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई. अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशामुक्त, सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें.

Back to top button