अमरावती में ‘गैलेक्सी स्पोर्ट्स अकादमी’ का उद्घाटन
विधायक रवि राणा और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने खेला मैत्रीपूर्ण क्रिकेट

* युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
* आधुनिक क्रिकेट और फुटबॉल टर्फ खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच
अमरावती/दि.20- शहर के एमआईडीसी क्षेत्र स्थित लाली लॉन के समीप स्थापित गैलेक्सी स्पोर्ट्स अकादमी के आधुनिक क्रिकेट एवं फुटबॉल टर्फ ग्राउंड का उद्घाटन विधायक रवि राणा और भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद नवनीत राणा के हाथों उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत फीता काटकर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों ने अकादमी में उपलब्ध आधुनिक खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए बुनियादी ढांचे की सराहना की. उद्घाटन के बाद विधायक रवि राणा और नवनीत राणा ने युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरकर मैत्रीपूर्ण क्रिकेट खेला. दोनों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते हुए खिलाड़ियों से संवाद किया, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर विधायक रवि राणा ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया की लत से दूर रहकर खेलों को प्राथमिकता देनी चाहिए. नियमित खेल से शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. उन्होंने कहा कि अमरावती के अधिक से अधिक युवा विभिन्न खेलों में भाग लेकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें.
पूर्व सांसद नवनीत राणा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सबसे प्रभावी मार्ग है. उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक खेल सुविधाएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देंगी और अमरावती खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा. कार्यक्रम में नगरसेवक महेश मुलचंदानी, नगरसेविका नंदा सावदे, अकादमी के संचालक डॉ. आशीष डगवार, डॉ. सोनाली डगवार, आदित्य डगवार, भाजपा पदाधिकारी एवं पावरलिफ्टिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुनील खराटे, डॉ. दिनेश वाघाडे, विनय तन्ना, मुकेश वासेवाय सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित थे.





