अमरावती ग्रामीण पुलिस में हर शनिवार होगा शिकायत निवारण दिवस

पहले दिन 217 शिकायतों का हुआ समाधान

* पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले के सभी थानों में शुरू हुई पहल
* अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर सुनीं नागरिकों की समस्याएं
अमरावती/दि.20– अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले के सभी पुलिस थानों में प्रत्येक शनिवार ‘शिकायत निवारण दिवस’ आयोजित करने की शुरुआत की गई है. इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है.
इसी क्रम में शनिवार, 18 जुलाई को जिले के सभी पुलिस थानों में शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने मंगरुल चवाला पुलिस स्टेशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ ने दत्तापुर पुलिस स्टेशन में स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं. इसके अलावा सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के पुलिस थानों में मौजूद रहे और थाना प्रभारियों ने भी लोगों की शिकायतों का सीधे तौर पर निस्तारण किया. अभियान के पहले ही दिन जिलेभर में कुल 217 शिकायतों का समाधान किया गया. पुलिस अधिकारियों ने संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और आवश्यक मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की. अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार अपने नजदीकी पुलिस थाने में आयोजित शिकायत निवारण दिवस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव पुलिस के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके.

Back to top button