बोगस बीज कंपनियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर युवक कांग्रेस का प्रदर्शन

जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.21- अमरावती जिले में कथित तौर पर नकली बीजों की बिक्री से किसानों को हो रहे नुकसान के विरोध में अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने दोषी बीज कंपनियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की.
युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन और कथित फर्जी बीज कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि हर वर्ष खरीफ सीजन में किसान महंगे दामों पर बीज खरीदते हैं, लेकिन कथित रूप से निकृष्ट या नकली बीज मिलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और दोबारा बुवाई की नौबत आ जाती है. प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि जिले में सक्रिय कथित फर्जी बीज कंपनियों की गहन जांच कर उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं.
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि नकली बीजों से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा निकृष्ट गुणवत्ता के बीज बेचने वाले लाइसेंसधारी विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल रद्द किए जाएं. युवक कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषी कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला, तो संगठन पूरे जिले में आंदोलन को और तेज करेगा. प्रदर्शन में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले, कार्याध्यक्ष अनिकेत ढेंगले, प्रदेश महासचिव रितेश पांडव, विधानसभा अध्यक्ष वैभव देशमुख, आदिवासी सेल अध्यक्ष अर्जुन इवनाते, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सर्वेश खांडे सहित युवक कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Back to top button