जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में अमरावती युवक कांग्रेस का प्रदर्शन

इरविन चौक पर सड़क जाम, कई पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

अमरावती/दि.22 – नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में अमरावती शहर युवक कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इर्विन चौक पर रास्ता रोको आंदोलन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है. युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार युवाओं के सवालों का समाधान करने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है. उन्होंने मांग की कि छात्रों पर कथित कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के सम्मान में, युवक कांग्रेस मैदान में, लोकतंत्र बचाओ-विद्यार्थियों को न्याय दो, लाठी नहीं, न्याय दो तथा धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारे लगाए.
इस आंदोलन में अमरावती विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष वैभव देशमुख, बडनेरा विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष यादव, राहुल साबले, राहुल बागड़े, संकेत साहू, अक्षय साबले, प्रियाल मोहोड़, अनय वाटाणे, रोशन इंगले, अंकुश टोपले, आकाश धुराटकर, धनंजय बोबडे, अभिनव देशमुख, साहिल वानरे, अभिषेक भोसले, निशांत पवार, सम्यक वाकोड़े, विवेक तायडे, ओम कुबड़े, अभिषेक सवाई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.

Back to top button