अल्ट्राटेक के नाम पर नकली और घटिया सीमेंट बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़
पोल्ट्री फार्म में चल रहा था अवैध कारोबार, लाखों रुपये का माल जब्त

* बडनेरा पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.25 – बडनेरा पुलिस ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के नाम पर नकली एवं कम गुणवत्ता वाला सीमेंट बेचने वाले एक रैकेट का पर्दाफाश किया है. मामले में पुलिस ने लाखों रुपये का माल जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक इस संबंध में 21 जुलाई को तलाशी अधिकारी नितिन नारायण ठाकरे की शिकायत पर बडनेरा थाने में मामला दर्ज किया गया. इससे पहले 17 जुलाई को गोपनीय सूचना मिली थी कि अंजनगांव बारी-माजरी मसाला रोड स्थित एक पोल्ट्री फार्म में अवैध रूप से नकली सीमेंट तैयार कर बेचा जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक हनमंत उरलागोंडवार, अपराध शाखा के प्रमोद इंगले तथा पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा. पोल्ट्री फार्म के टीन शेड में बड़ी मात्रा में अल्ट्राटेक ब्रांड के नाम से पैक सीमेंट और अन्य सामग्री बरामद हुई. छापे के दौरान पुलिस ने करीब 800 अल्ट्राटेक ब्रांड की सीमेंट बोरियां (अनुमानित कीमत 2.56 लाख), 145 सुपर अल्ट्राटेक ब्रांड की बोरियां (करीब 79,750), 25 सफेद सीमेंट की बोरियां, जिन पर नॉट फॉर रिसेल अंकित था, खाली सीमेंट की बोरियां, लोहे के कनस्तर, प्लास्टिक के ड्रम और अन्य सामग्री जब्त की.
मौके पर मौजूद मजदूरों ने पुलिस को बताया कि वे केवल मजदूरी का काम करते हैं और उन्हें कारोबार की जानकारी नहीं है. कुछ देर बाद वहां पहुंचे शेख यूसुफ शेख बब्बू ने उक्त व्यवसाय अपना होना बताया. पुलिस ने जब उनसे लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसके बाद पुलिस ने अल्ट्राटेक कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाकर उनके समक्ष संदिग्ध माल जब्त कर लिया.
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि यहां अल्ट्राटेक कंपनी के नाम का उपयोग कर नकली अथवा कम गुणवत्ता वाला सीमेंट तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था. मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा नकली सीमेंट की आपूर्ति कहां-कहां की जा रही थी. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके (जोन-1), पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक हनमंत उरलागोंडावार, अपराध शाखा के प्रमोद इंगले, पुलिस उपनिरीक्षक सनी निसंग, वचन पंडित, श्याम नकासे, अतुल तायडे, पवन देशमुख और देवा उदे सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.





