नागपुर में ’सैराट’ जैसा हत्याकांड!
बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता पर युवक की हत्या का आरोप

नागपुर/दि.25 – महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कामठी क्षेत्र में प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि तड़ीपार (जिला बदर) घोषित एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जमशेर उर्फ जम्मू मुनीर खान पटेल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि 18 जुलाई की रात वह अपनी महिला मित्र से मिलने कुंभारे कॉलोनी पहुंचा था. इसी दौरान युवती के पिता विजय उर्फ टायसन नामदेव डोंगरे ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
आरोप है कि हमले के बाद जब जमशेर जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहा था, तब आरोपी ने उसका पीछा किया और उस पर ऑटो रिक्शा चढ़ाने की भी कोशिश की. गंभीर रूप से घायल जमशेर का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी विजय डोंगरे जिला बदर होने के बावजूद शहर में खुलेआम घूम रहा था. उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी सजा और पूरे मामले की वरिष्ठ स्तर पर जांच कराने की मांग की है.
इस घटना के बाद कामठी क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.





