नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार

8 हजार में खरीदा पेपर

* डेढ़ करोड़ में बेचने की थी साजिश
मुंबई /दि.25- नीट पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस रैकेट के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. लंबे समय से फरार चल रहे गुप्ता को गुप्त सूचना और विभिन्न राज्यों की पुलिस के समन्वय से पकड़ा गया. उसे भिवंडी लाकर अदालत में पेश किया जाएगा.
* छापाखाने से ही निकाला गया था प्रश्नपत्र
जांच में सामने आया है कि बिजेंद्र गुप्ता और उसके साथियों ने छापाखाने के कर्मचारियों को पैसे और संपत्ति का लालच देकर प्रश्नपत्र हासिल किए थे. आरोप है कि प्रश्नपत्र जूतों में छिपाकर प्रेस से बाहर निकाले गए. महज 8 हजार में हासिल किए गए इन पेपरों को महाराष्ट्र में करीब 1.5 करोड़ में बेचने की साजिश रची गई थी.
* पुलिस ने ग्राहक बनकर बिछाया जाल
सूचना मिलने के बाद भिवंडी पुलिस ने गुप्त अभियान चलाया. पुलिसकर्मियों ने फर्जी ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और कोंगांव क्षेत्र के एक होटल में जाल बिछाया. जैसे ही पेपर बेचने का सौदा शुरू हुआ, पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था. अब मुख्य सरगना की गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
* कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बिजेंद्र गुप्ता के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पेपर लीक से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. वह एक हत्या के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है. पुलिस के अनुसार, हर बार जमानत मिलने के बाद वह अपनी पहचान बदलकर दूसरे राज्य में सक्रिय हो जाता था. अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद देशभर में फैले पेपर लीक नेटवर्क के कई और अहम सुराग सामने आ सकते हैं.

Back to top button