आषाढ़ी एकादशी पर पंढरपुर में आस्था का सैलाब
25 लाख से अधिक श्रद्धालु, विठ्ठल दर्शन के लिए 28 घंटे

पंढरपुर./दि.25 – आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र के पंढरपुर स्थित श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में शनिवार को श्रद्धा का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा. प्रशासन के अनुसार, यात्रा अवधि में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है, जबकि केवल एकादशी के दिन ही 15 से 17 लाख भक्तों ने पंढरपुर में दर्शन के लिए प्रवेश किया. भारी भीड़ के चलते भगवान विठ्ठल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 26 से 28 घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है.
* मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्नी संग की महापूजा
शनिवार तड़के करीब तीन बजे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता फडणवीस के साथ श्री विठ्ठल-रुक्मिणी की पारंपरिक शासकीय महापूजा की. इस अवसर पर उस्मानाबाद (धाराशिव) जिले के गौरगांव निवासी वारकरी दंपती बाबासाहेब माने (70) और प्रभावती माने (68) को भी पूजा का विशेष सम्मान मिला. किसान दंपती पिछले 20 वर्षों से नियमित रूप से पंढरपुर की वारी कर रहे हैं.
महापूजा के दौरान भगवान विठ्ठल को लाल-केसरिया रंग का बनारसी रेशमी वस्त्र तथा माता रुक्मिणी को लाल-हरे रंग की येवला पैठणी साड़ी अर्पित की गई. पूजा के बाद मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री दंपती और सम्मानित वारकरी दंपती का अभिनंदन किया.
* 5-6 किलोमीटर लंबी दर्शन कतार
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पदस्पर्श दर्शन की कतार मंदिर से करीब 5 से 6 किलोमीटर दूर गोपालपुर क्षेत्र तक पहुंच गई है. कतार में अंतिम छोर पर खड़े श्रद्धालुओं को दर्शन कर बाहर निकलने में लगभग 28 घंटे का समय लग रहा है.
* श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
भीषण भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने दर्शन मार्ग पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं. श्रद्धालुओं के पैरों को गर्मी से बचाने के लिए पूरी कतार में मैट बिछाए गए हैं. इसके अलावा निशुल्क चाय, नाश्ता, पेयजल और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है. गर्मी से राहत के लिए पंखे और वेंटिलेशन की भी व्यवस्था की गई है.
* संतों की पालकियों का भव्य स्वागत
आषाढ़ी वारी के तहत संत ज्ञानेश्वर महाराज, संत तुकाराम महाराज, संत एकनाथ महाराज, संत नामदेव महाराज सहित विभिन्न संतों की पालकियां शुक्रवार रात पंढरपुर पहुंचीं. इस दौरान शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर पालकियों का भव्य स्वागत किया. पूरे शहर में टाल-मृदंग और हरिनाम संकीर्तन की गूंज से भक्तिमय वातावरण बना रहा.
* पंढरपुर दौरे पर मुख्यमंत्री ने लिए अहम फैसले
आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोलापुर के दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए. उन्होंने सोलापुर फ्लाईओवर परियोजना के लिए आवश्यक भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी कराई. इसके साथ ही नई जलापूर्ति योजना की डीपीआर और निविदा प्रक्रिया 30 अगस्त तक पूरी कर 30 नवंबर तक परियोजना को मंजूरी के लिए तैयार रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए.





