दर्यापूर में अवैध शराब का बड़ा जखीरा जब्त

तीन गिरफ्तार, एक फरार, दर्यापुर पुलिस की कार्रवाई

अमरावती /दि.27 – अमरावती ग्रामीण पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच ने दरियापुर के बनोसा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई देसी और विदेशी शराब का बड़ा जखीरा जब्त किया है. इस कार्रवाई में कुल 27 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,60,435 है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान 25 जुलाई को दरियापुर-अंजनगांव सुर्जी उपविभाग में गश्त के दौरान लोकल क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली कि प्रणय सुरेशराव बिहाड़े (47), निवासी गांधी नगर, बनोसा अपने घर के पीछे बने गोदाम में बिना लाइसेंस देसी और विदेशी शराब का अवैध भंडारण कर बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर 17 पेटी देसी शराब तथा 10 पेटी विदेशी शराब जब्त की. जब्त शराब की कुल कीमत 1 लाख 60 हजार 435 बताई गई है. आरोपी और जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दरियापुर पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया. इस मामले में प्रणय सुरेशराव बिहाड़े (47), संतोष ओमप्रकाश बर्डे (44), आकाश संजय कपिले (29) को आरोपी बनाया गया है, जबकि नितिन बिहारे फरार बताया गया है.
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन तथा लोकल क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक सतीश झाल्टे, पुलिस उपनिरीक्षक आकाश शिवणकर, पुलिस हवलदार चेतन दुबे, दिनेश कनोजिया, सचिन गायधने, प्रशांत वैद्य तथा चालक हर्षद घुसे ने भाग लिया.

Back to top button