दो चाकू लेकर दहशत फैला रहे युवक को पुलिस ने दबोचा
होटल मणिरत्न परिसर में नांदगांव पेठ पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.27- नांदगांव पेठ पुलिस ने होटल मणिरत्न परिसर में दो धारदार चाकू लेकर दहशत फैला रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक थानेदार पुनित कुलट के निर्देशानुसार थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई और नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी. इसी दौरान शाम करीब 6 बजे अपराध शाखा की टीम को गोपनीय सूचना मिली कि होटल मणिरत्न के पास एक युवक हाथ में दो चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम पंचों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार चाकू बरामद हुए. इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नांदगांव पेठ निवासी आकाश हरिश्चंद्र वानखड़े (37) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से दो चाकू जब्त कर लिए हैं.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती अलुरकर के मार्गदर्शन में नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन के थानेदार पुनीत कुलट के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक गणेश राऊत, हेड कांस्टेबल सतीश देशमुख तथा पुलिसकर्मी राजीक खान, शोएबुद्दीन सैयद, प्रफुल खोबरागड़े और वैभव तिखीले ने की. मामले की आगे की जांच नांदगांव पेठ पुलिस कर रही है.





