डवरगांव खेत शिवार में चौकीदार की पत्नी की हत्या
हाथ-पैर रस्सी से बंधा हुआ शव मिला कुएं में

* मृतक के पति ने एक पखवाडा पूर्व ही छोडा था काम
* माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती /दि.27- माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र के डवरगांव खेत शिवार के खेत के कुएं में हाथ-पैर रस्सी से बंधा हुआ एक महिला का शव बरामद होने से खलबली मच गई है. सबूत नष्ट करने के इरादे से शव कुएं में फेंका रहने का संदेह पुलिस को है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. मृतक महिला का पति एक पखवाडापूर्व ही चौकीदारी का काम छोडकर गया था. मृतक की शिनाख्त पुजा दशरथ मांगुलकर उर्फ हिना जीतेंद्र नाईकवडे के रुप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक माहुली जहांगीर निवासी मो. अयाज मो. हनीफ (66) नामक किसान का डवरगांव खेत शिवार में खेत है. उसके खेत में दशरथ मांगुलकर नामक व्यक्ति चौकदारी करता था. 15 दिन पूर्व वह काम छोडकर चला गया था. इसी चौकीदार ने खेत मालिक मो. अयाज को 25 अगस्त को फोन कर बताया कि, उसकी पत्नी पुजा मांगुलकर उर्फ हिना नाईकवडे की लाश खेत के कुएं में है. रात 10 बजे दशरथ द्वारा दी गई जानकारी के बाद मो. अयाज दूसरे दिन 26 अगस्त को सुबह 7 बजे डवरगांव पहुंचे. उसने पुलिस पाटिल और ग्रामवासियों को इस घटना की जानकारी दी और खेत के कुएं में जाकर देखा, तब महिला का शव दिखाई दिया. माहुली पुलिस को तत्काल सूचित किया गया. पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. अथक प्रयास केे बाद शव कुएं से बाहर निकाला गया. मृतक महिला के हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे. इस कारण महिला की हत्या कर सबूत नष्ट करने के इरादे से शव कुएं में फेंका रहने का संदेह पुलिस को है. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. मृतक की शिनाख्त पुजा मांगुलकर के रुप में हुई. उसी का पति दशरथ एक पखवाडापूर्व काम छोडकर चला गया था और उसी ने खेत मालिक को फोन पर इस घटना की जानकारी दी. इस कारण पुलिस ने मृतक के पति से ही पूछताछ शुरु की है. घटनास्थल पर ग्रामीण अपराध शाखा, फॉरेसिंक दल भी पहुंच गया था. हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की है.





