हॉस्पिटल, मॉल व कोचिंग क्लासेस का करें फायर ऑडिट
सभापति मार्डीकर ने दमकल विभाग को दिए आदेश

* मनपा स्थायी समिति का बडा निर्णय
अमरावती/दि.29- शहर के नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से अमरावती मनपा की स्थायी समिति ने बहुत ही महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. शहर के सभी हॉस्पिटल, मॉल, मंगल कार्यालयों, कोचिंग क्लासेस तथा बडी इमारतों का सर्वे कर उनका तत्काल फायर ऑडिट करने के स्पष्ट तथा कठोर निर्देश स्थायी समिति के सभापति अविनाश मार्डीकर ने दमकल विभाग को दिए है. अमरावती मनपा के स्व. सुदाम का देशमुख सभागृह में गुरूवार को दोपहर 1 बजे स्थायी समिति की बैठक हुई. हाल ही में डफरीन अस्पताल में हुई दुर्दैवी घटना की पार्श्वभूमि पर मनपा प्रशासन व पदाधिकारी सतर्क हुए है. इस बैठक में सभापति मार्डीकर ने मनपा क्षेत्र के सभी सरकारी अर्धसरकारी तथा निजी आस्थापनाओं का फायर आडिट कर उसका विस्तारपूर्वक रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के आदेश दिए.
स्वास्थ्य सेवा व अस्पताल के बारे में नहीं चाहिए लापरवाही
बैठक में मनपा अस्पतालों की मरम्मत के बारे में दूर करार का प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. शहर के मनपा के दवाखानों की स्थिति को सुधारना और मरीजों पर समय पर उपचार होना जरूरी है. ऐसा सभापति ने स्पष्ट किया. अस्पताल में आनेवाले प्रत्येक मरीज की जान के साथ और स्वास्थ्य के साथ कोई भी लापरवाही नहीं सही जाएगी. काम में कोताही करनेवालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी उन्होंने दी.
* जिला नियोजन के कार्य और आवारा कुत्तों का प्रश्न
जिला वार्षिक नियोजन 2025-26 अंतर्गत जारी विकास कार्यो की वर्तमान स्थिति क्या है और कार्य की प्रगति कहां तक पहुुंची है, इसकी पूरी जानकारी प्रस्तुत नहीं होती तब तक इस संबंध के सभी विषय स्थगित रखने का निर्णय लिया गया. साथ ही शहर के बढते आवारा कुत्तोें के प्रश्न पर विस्तारपूर्वक रिपोर्ट अगली बैठक में रखने के निर्देश भी दिए है.





