बाघ के हमले में मृत किसान के परिवार से मिली पूर्व सांसद नवनीत राणा

शोक संतप्त परिजनों को बंधाया ढांढस, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

अमरावती/मोर्शी/दि.28 – मोर्शी तहसील के भांभोरा गांव में बाघ के हमले में जान गंवाने वाले किसान चरणदास इखे के परिवार से पूर्व सांसद नवनीत राणा ने मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के आंसू पोंछते हुए इस दुखद घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया.
भाजपा नेत्री व पूर्व सांसद नवनीत राणा ने भांभोरा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मृतक किसान के परिजनों से चर्चा कर उनकी व्यथा सुनी. इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवार पर आई यह त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में वे पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी हैं. उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते बाघों के आतंक पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, जिला प्रशासन तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी और आवश्यक कदम उठाने की मांग की.
पूर्व सांसद नवनीत राणा ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाने, बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा ग्रामीणों में फैली दहशत दूर करने के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही मृतक किसान के परिवार को शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी जताई. इस अवसर पर युवा स्वाभिमान पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रकाश साबले, महिला जिला अध्यक्ष सोनाली नवले, भाजपा के रविराज देशमुख, निवेदिता चौधरी, अजय वरघट, राजेंद्र कापड़े, शंतनु देशमुख, विकास तटे, धीरज केने, प्रदीप अलोने, गजानन वरघट, केतन अलोने, अनुल्ला भाई सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Back to top button