अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन की पुरानी इमारत तोडना हुआ शुरु

अधिकारियों और यात्रियों की सुविधा के लिए निर्मित होगी नई इमारत

* यात्री शेड का काम भी युद्धस्तर पर जारी
* सभी प्लेटफार्म पर निर्माण किये जा रहे यात्री शेड
अमरावती/दि.28 – बडनेरा रेल्वे स्टेशन की तरह अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन का भी विकास कार्य अमृत भारत रेल्वे योजना के तहत चल रहा है. अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है. इसी तरह प्लेटफार्म नंबर-1 की पुरानी इमारतों को जमींदोज करने का काम युद्धस्तर पर शुरु है. वहां पर अधिकारी और यात्रियों की सुविधा के लिए नई इमारतों का काम शुरु किया जाएगा.
अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन के प्लेटफार्म का विस्तार होने के बाद अब यात्रियों की सुविधा के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है. प्लेटफार्म नंबर-1 पर यात्रियों की सुविधा के लिए शेड काफी अधूरे थे. इस कारण बारिश और ग्रीष्मकाल में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पडता था. लंबी ट्रेनों के कोच काफी दूरी तक लगे रहने पर यात्रियों को बारिश और धुप में काफी परेशानी होती थी. यह देखते हुए अमृत भारत रेल्वे योजना के तहत अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन के 1, 2 और 3 प्लेटफार्म पर यात्री शेड का निर्माण किया जा रहा है. प्लेटफार्म नंबर-1 पर रेल्वे ब्रीज के आगे यात्री शेड का निर्माण पूरी तरह से हो गया है. साथ ही विद्युत व्यवस्था भी यहां कर दी गई है. अब 2 और 3 प्लेटफार्म पर यह शेड डालने का काम शुरु है. जल्द ही यात्री शेड का काम पूर्ण हो जाएगा. इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर-1 की पुरानी इमारत को भी पूरी तरह जमींदोज किया जा रहा है. पिछले एक पखवाडे से यह काम युद्धस्तर पर जारी है. इस पुरानी इमारतों को गिराने के बाद यहां पर रेल्वे अधिकारी और यात्रियों के लिए प्रतिक्षालय के अलावा अधिकारियों के कक्ष, पार्सल घर आदि का निर्माण होने वाला है.
* पुराना रेल्वे प्रवेशद्वार तोडा गया
अमरावती रेल्वे स्टेशन का पुराना प्रवेशद्वार तोड दिया गया है. यहां से यात्रियों की सुविधा के लिए नये प्रवेशद्वार का निर्माण किया जाएगा. साथ ही स्टेशन का भी विस्तार होगा. अमरावती मॉडेल स्टेशन का प्रथम दर्शनी भाग काफी आकर्षक और रोशनी से जगमगाहट वाला रहेगा.
* रेल्वे का डाकघर उसी स्थान पर
वर्तमान में रेल्वे का डाकघर जहां है वह उसी इमारत में फिलहाल है. लेकिन अमरावती मॉडेल रेल्वे स्टेशन के सौंदर्यीकरण के तहत इस रेल्वे डाकघर का भी नूतनीकरण किया जा सकता है. रेल्वे डाकघर में संपूर्ण देश की डाक आती है. वर्तमान में पुरानी इमारत के तोडफोड का काम शुरु रहने से इस डाकघर में आने वाले पार्सलों के लिए सीमित जगह छोडे जाने से काफी परेशानी हो रही है. सडक से सटकर स्थित इस रेल्वे डाकघर पर आने वाले पार्सल और वाहनों को खडे रखने में भी असुविधा हो रही है.

Back to top button