ई-कार्ट केंद्र का कर्मचारी ही निकला चोरी का आरोपी
56 हजार का गुगल पिक्सल मोबाइल का पार्सल चुराया था

* गाडगेनगर पुलिस के डीबी दल ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकडा, चोरी का पूरा शिपमेंट बरामद
अमरावती/दि.28 – पंचवटी चौक स्थित ई-कार्ट केंद्र से करीब 56 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन वाला पार्सल चोरी होने के मामले का गाडगेनगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में ई-कार्ट केंद्र में काम करने वाले वेदांत प्रमोद शिरभाते (18, माहुली, ह. मु. गाडगेनगर, अमरावती) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा शिपमेंट पार्सल बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, ई-कार्ट केंद्र के कार्यकारी अधिकारी सुमित साबले ने 27 अगस्त को गाडगेनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त को ग्राहकों को वितरित किए जाने के लिए केंद्र में कुछ पार्सल आए थे. इनमें से एक मूल्यवान शिपमेंट, जिसमें पिक्सल कंपनी का मोबाइल फोन था, गायब हो गया. इस शिपमेंट की अनुमानित कीमत 56,072 रुपये बताई गई. कार्यालय से ही किसी कर्मचारी द्वारा पार्सल चोरी किए जाने का संदेह व्यक्त करते हुए शिकायतकर्ता ने कर्मचारी वेदांत शिरभाते पर शक जताया था. शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 928/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की जानकारी मिलते ही गाडगेनगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव ने डीबी पथक को तत्काल जांच के निर्देश दिए. डीबी टीम ने घटनास्थल और ई-कार्ट केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच शुरू की. फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस का संदेह कर्मचारी वेदांत शिरभाते पर गहराया. इसके बाद पुलिस दल उसके घर पहुंचा और विश्वास में लेकर उससे पूछताछ की.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वेदांत शिरभाते ने पार्सल चोरी करने की बात कबूल कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में 56,072 रुपये कीमत का पिक्सल कंपनी का मोबाइल वाला पूरा शिपमेंट पार्सल बरामद कर लिया. पार्सल बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया. आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके और सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे के निर्देश पर की गई. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक (क्राइम) विजया पंधरे तथा पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) प्रमोद पाचकवडे की देखरेख में डीबी टीम ने जांच को अंजाम दिया. कार्रवाई में डीबी पथक प्रमुख सपोनि हिवाले, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश श्रीवास, पुलिस हवलदार भारत वानखडे, नंदकिशोर करोची, पुलिस नायक राजेश गुरेले, सुशांत प्रधान, पुलिस शिपाई मतिन शेख, धनराज कुमरे, महेश शर्मा और प्रताप लोखंडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.





