धारणी से शुरू हुआ सफर, अब जिले के पुलिस दल की संभाल रहे कमान

आईपीएस निकेतन कदम की धारणी में दमदार एंट्री

* शिकायत निवारण दिवस में उमड़ी नागरिकों की भीड़
धारणी /दि.31– मेलघाट के धारणी पुलिस थाने से भावनात्मक जुड़ाव रखने वाले और वर्तमान में अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत आईपीएस निकेतन कदम ने शनिवार को शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर धारणी में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई. उनके नेतृत्व में आयोजित इस उपक्रम में पुलिस पाटिल, शांति एवं दक्षता समिति के सदस्य, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं.
विशेष बात यह है कि आईपीएस निकेतन कदम की पहली प्रोबेशन पोस्टिंग धारणी पुलिस थाने में प्रभारी अधिकारी के रूप में हुई थी. वर्ष 2020-21 में तीन महीने के प्रोबेशन कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए विभिन्न उपक्रम चलाए और आवश्यकता के अनुसार सख्त कार्रवाई की. साथ ही अपराधियों की काउंसलिंग एवं पुनर्वास के माध्यम से उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया. अपने कार्यों से उन्होंने स्थानीय नागरिकों का विश्वास अर्जित किया था. यही वजह रही कि पुलिस अधीक्षक के रूप में धारणी लौटने पर नागरिकों ने उनका उत्स्फूर्त स्वागत किया.
* समस्याएं सुनीं, तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश
धारणी पुलिस थाने में आयोजित शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं. इनमें सबसे अधिक शिकायतें घरेलू हिंसा, पति-पत्नी के विवाद और पारिवारिक कलह से संबंधित थीं. कदम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. धारणी के पुलिस निरीक्षक अवतारसिंग चव्हाण ने संबंधित पक्षों को आमने-सामने बुलाकर काउंसलिंग की. इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया. नागरिकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने पर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष जोर दिया गया. इससे पुलिस की संवेदनशील और जनोन्मुखी कार्यप्रणाली देखने को मिली.
* प्रोबेशन काल में भी किए थे उल्लेखनीय कार्य
धारणी पुलिस थाने में प्रोबेशन के दौरान आईपीएस निकेतन कदम ने मेलघाट में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही सामाजिक समस्याओं पर भी प्रभावी काम किया था. आदिवासीबहुल क्षेत्र के प्रसिद्ध घुंगरू बाजार में नाबालिग लड़के-लड़कियों के बाल विवाह रोकने के लिए जनजागृति अभियान चलाकर उन्हें कानून संबंधी जानकारी दी गई थी. इस पहल के बाद बाल विवाह की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी देखने को मिली. इसके अलावा शराबबंदी, गुटखा बिक्री पर रोक, मादक पदार्थों की बिक्री एवं सेवन के खिलाफ कार्रवाई, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा अपराध नियंत्रण पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिया था. सख्त कार्रवाई के साथ अपराधियों की काउंसलिंग कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का भी प्रयास किया गया था.
* हर महीने एक आश्रमशाला का करेंगे दौरा
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने मेळघाट की एक आश्रमशाला में हर महीने जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने का संकल्प व्यक्त किया. इस दौरान विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूकता, करियर मार्गदर्शन, साइबर अपराध, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है.

Back to top button