पुलिस भर्ती और स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 23.50 लाख की ठगी

क्लर्क पद के लिए 12.50 लाख और पुलिस भर्ती के लिए 11 लाख लेने का आरोप

* फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर बढ़ाया भरोसा
परतवाड़ा /दि.1- सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 23 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस भर्ती और स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप है. शिकायत के आधार पर परतवाड़ा पुलिस ने अमरावती निवासी दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक वायगांव निवासी गौरव राजेंद्र हजारे (23) से आरोपियों ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर संपर्क किया था. शिकायत के मुताबिक अमरावती के वृंदावन कॉलोनी निवासी आरोपी सुशील प्रभाकर तायडे (33) और अर्जुन नगर निवासी प्रवीण विनायकराव रामटेके (38) ने पहले उसका विश्वास हासिल किया. आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन में अन्य युवकों के नौकरी लगने संबंधी कथित नियुक्ति आदेश और दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि वे उसे भी सरकारी नौकरी दिला सकते हैं. इसके बाद पुलिस भर्ती में नौकरी लगवाने के नाम पर 11 लाख रुपये की मांग की गई. इसके बाद आरोपियों ने स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क पद पर नौकरी लगवाने का दावा किया. शिकायत के मुताबिक इस काम के लिए शिकायतकर्ता से 12 लाख 50 हजार रुपये लिए गए.
* खाते में एक महीने की सैलरी भी जमा की
शिकायतकर्ता का भरोसा कायम रखने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति से संबंधित आदेश पत्र और ई-मेल भी दिखाए. इतना ही नहीं, विश्वास बढ़ाने के लिए शिकायतकर्ता के बैंक खाते में एक महीने का वेतन भी जमा किया गया. इसके बावजूद जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो शिकायतकर्ता ने आरोपियों से रकम वापस मांगनी शुरू की. इस पर आरोपियों ने मोबाइल फोन में दोनों नौकरियों से संबंधित कथित फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर उसे फिर गुमराह करने का प्रयास किया.
* टालमटोल के बाद हुआ ठगी का एहसास
लगातार टालमटोल किए जाने और नौकरी नहीं मिलने के बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. इसके बाद उसने परतवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस कथित फर्जी नियुक्ति आदेश, ई-मेल, बैंक लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है.

Back to top button