गोविंदा की मदद के लिए आगे आए मंत्री प्रताप सरनाईक
दहीहांडी के दौरान घायल हुए

* 2009 से बिस्तर पर हैं भिवंडी के नागेश भोईर
* इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
* 5 लाख रुपये की दी आर्थिक सहायता
मुंबई/ठाणे/दि.5 – दहीहांडी उत्सव के दौरान सुरक्षा और गोविंदाओं के घायल होने की घटनाएं हमेशा चर्चा का विषय बनती रही हैं. इस वर्ष भी उत्सव के बीच ठाणे से एक संवेदनशील और राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक ने वर्षों से इलाज के लिए संघर्ष कर रहे घायल गोविंदा नागेश भोईर की मदद के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. संस्कृति दहीहांडी उत्सव के दौरान मंत्री सरनाईक ने घोषणा की कि नागेश भोईर के इलाज का पूरा खर्च उठाया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने नागेश के परिवार को 5 लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने का भी निर्णय लिया है.
* 24 साल की उम्र में हुआ था हादसा
भिवंडी निवासी नागेश भोईर वर्ष 2009 में दहीहांडी के दौरान मानव पिरामिड की परत (थर) से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. महज 24 वर्ष की उम्र में हुए इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण उन्हें स्थायी रूप से दिव्यांगता का सामना करना पड़ा. पिछले 18 वर्षों से नागेश पूरी तरह बिस्तर पर हैं और अपने पैरों पर खड़े नहीं हो सके हैं. सोशल मीडिया पर बयां किया था दर्द हाल ही में नागेश भोईर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर हादसे के बाद की अपनी स्थिति और आर्थिक तंगी का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि शुरुआती दौर में दोस्तों और अन्य लोगों ने मदद की, लेकिन समय के साथ सहायता मिलनी बंद हो गई. इलाज का भारी खर्च उठाना परिवार के लिए असंभव हो गया था. नागेश ने सरकार से कोई एकमुश्त आर्थिक मदद मांगने के बजाय अपने आजीवन इलाज का खर्च उठाने की अपील की थी. उनकी इस भावुक अपील पर संज्ञान लेते हुए मंत्री प्रताप सरनाईक तुरंत मदद के लिए आगे आए और उत्सव के पावन अवसर पर उनके इलाज की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की.





